उत्तर प्रदेश सरकार इस साल पुलिस बल में 81 हजार से अधिक पदों पर भर्ती करेगी। बृहस्पतिवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी गयी। बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 बहुत महत्वपूर्ण होने जा रहा है क्योंकि इस वर्ष 81 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारी है।

मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग की विभिन्न इकाइयों में जारी गतिविधियों और कार्य योजनाओं की व्यापक समीक्षा के दौरान कहा कि यह भर्ती अभियान युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के साथ-साथ प्रदेश को एक सक्षम, ऊर्जावान और आधुनिक पुलिस बल उपलब्ध कराएगा। बयान के मुताबिक, उपनिरीक्षक, आरक्षी सिविल पुलिस, रेडियो सहायक परिचालक, कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए तथा पुलिस उपनिरीक्षक (गोपनीय) सहित विभिन्न श्रेणियों में 81 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रस्तावित है तथा इनमें से कुछ की प्रक्रिया प्रारंभ भी हो गयी है।

बयान में बताया गया कि मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड को निर्देश दिए कि सभी सीधी भर्तियां पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्धारित आरक्षण प्रावधानों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से संपन्न कराई जाएं। योगी ने भर्ती प्रक्रिया को तकनीक आधारित बनाते हुए निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया, ताकि युवाओं का विश्वास और सुदृढ़ हो सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights