समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार के तहत उत्तर प्रदेश में जाली नोटों का बोलबाला है और उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक विधायक की संलिप्तता की ओर इशारा किया। अखिलेश का यह आरोप देवरिया में जाली नोटों के रैकेट का भंडाफोड़ होने के एक दिन बाद आया है। सपा ने इस खुलासे के बाद स्थानीय भाजपा विधायक शलभ मणि त्रिपाठी की रैकेट से जुड़े लोगों के साथ तस्वीरें साझा कीं और इस मामले में संलिप्तता का आरोप लगाया।

अखिलेश यादव ने लगाए ये आरोप 
अखिलेश ने बृहस्पतिवार को कहा, “देवरिया और आसपास के इलाकों में इस तरह की अवैध गतिविधियां हो रही हैं। सुनने में आया है कि भाजपा सरकार में जाली नोट देश के भीतर चल रहे हैं जबकि असली पैसा देश से बाहर भेजा जा रहा है।” उन्होंने कहा, “अगर तस्वीरों को सबूत माना जाए, तो अब किसकी तस्वीरें सामने आ रही हैं? उत्तर प्रदेश में जहां भी गड़बड़ी हो रही है, उसमें भाजपा के लोग शामिल हैं।”

पुलिस ने क्या कहा? 
इससे पहले, पुलिस ने बताया था कि प्रयागराज में 1.18 लाख रुपये की जाली नोट जब्त किये गये और पूर्वी उत्तर प्रदेश व पड़ोसी बिहार के जिलों में फैले जाली नोटों के नेटवर्क के कथित सरगना के रूप में देवरिया के विवेक यादव की पहचान की गई है। विवेक यादव फिलहाल फरार है जबकि चार संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

‘जांच की बात करें तो, निश्चिंत रहिए, यह योगी जी की सरकार है’
इस बीच, त्रिपाठी ने आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि एक सार्वजनिक हस्ती होने के नाते वे बहुत से लोगों से मिलते हैं। उन्होंने कहा, “हमें कैसे पता चलेगा कि किस समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता ने अपने नेताओं से प्रेरित होकर देवरिया में ‘लूट एटीएम’ स्थापित किया है? इस आरोपी की और भी तस्वीरें हैं जो समाजवादी पार्टी की सच्चाई को स्पष्ट रूप से उजागर करती हैं।” विधायक ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, “जांच की बात करें तो, निश्चिंत रहिए, यह योगी जी की सरकार है। जाली नोटों का पूरा रैकेट बहुत जल्द बेनकाब हो जाएगा।” उन्होंने कहा, “तब तक इस मुद्दे को उठाते रहिए और सोशल मीडिया पर उपलब्ध आरोपी के बयान को भी पढ़िये।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights