up-mysterious-farmer-death

औरैया, 05 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छोटी पड़रिया-ऊंचा निवासी 43 वर्षीय किसान राजकुमार की शनिवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने इसे सड़क हादसा बताया है, लेकिन घटना को लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

राजकुमार खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी विनीता, एक पुत्री और दो पुत्र हैं। वह अपनी दो पुत्रियों का विवाह पहले ही कर चुके थे।

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम गांव का ही युवक उमेश यादव उन्हें घर से बुलाकर ले गया था। दोनों गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित एक सरकारी ठेके पर गए, जहां उन्होंने शराब पी। इसके बाद वे बाइक से घर लौट रहे थे।

देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। गांव के बाहर उनकी बाइक पड़ी मिली और पास ही राजकुमार घायल अवस्था में पड़े थे। साथ गए युवक उमेश यादव ने परिजनों को बताया कि यह सड़क दुर्घटना थी।

परिजन और भाई गौरव यादव उन्हें रात करीब 11 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अजीतमल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

कोतवाल ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, लेकिन हर पहलू की जांच की जा रही है। अभी तक किसी प्रकार की तहरीर नहीं मिली है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा ।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights