उत्तर प्रदेश पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और सहारनपुर जिले की नानौता व गंगोह पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 662 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 1.32 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सागर जैन ने शुक्रवार को बताया कि थाना नानौता प्रभारी नवीन सैनी के नेतृत्व में गंगोह पुलिस और एएनटीएफ की टीम गश्त व जांच कर रही थी। इसी दौरान शामली राजमार्ग पर एक माध्यमिक विद्यालय के पास से ग्राम रतौंध (थाना झिंझाना, जनपद शामली) निवासी जुनैद को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी जुनैद के पास से 662 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब एक करोड़ 32 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना नानौता में स्वापक औषधि एवं मनप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी जुनैद के मादक पदार्थों के अवैध नेटवर्क और उसके संपर्कों की जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे समय से न्यायालय में पेश किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights