हमीरपुर, 19 नवंबर । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत प्रभावी पैरवी के चलते नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में दोषी को 20 वर्ष के कठोर कारावास और 10 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई है। विशेष पॉक्सो न्यायालय ने गुरुवार को यह फैसला सुनाया।
एडीजीसी रुद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बिंवार थाना क्षेत्र में वर्ष 2019 में दर्ज मुकदमे के अनुसार, बांदा जनपद के अतर्रा थाना क्षेत्र के बल्लान गांव निवासी मनोज कुमार साहू पुत्र रामऔतार साहू ने वादी की करीब 16 वर्षीय पुत्री के साथ दुष्कर्म किया था। इस मामले में 30 जून 2019 को धारा 376 आईपीसी और पॉक्सो एक्ट की धारा 06 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत मामले को चिह्नित कर अभियोजन विभाग से समन्वय स्थापित किया और गवाहों की समयबद्ध गवाही कराते हुए प्रभावी पैरवी की। विशेष पॉक्सो न्यायालय ने अभियुक्त मनोज कुमार साहू को दोषी करार देते हुए 20 वर्ष के कठोर कारावास और 10 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया। मामले के विवेचक निरीक्षक राजेश कुमार वर्मा और पैरोकार कांस्टेबल श्रीकांत राजपूत रहे।
