गलती स्वीकार कर सार्वजनिक रूप से वाल्मीकि समाज से मांग चुके हैं माफी, समाज के कई जिम्मेदार लोगों ने किया माफ; विजय वर्मा बोले कि भाईचारे से बड़ा कोई पद या राजनीति नहीं, फिर विवाद को क्यों दी जा रही हवा।

मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। एक गलती स्वीकार करना और अपनी गलती के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगना किसी भी व्यक्ति के लिए साहसिक कदम होता है। भाजपा ओबीसी मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष विजय वर्मा ने भी वाल्मीकि समाज को लेकर सोशल मीडिया पर दिए गए बयान के बाद अपनी गलती स्वीकार करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। सोशल मीडिया के माध्यम से भी उन्होंने खेद जताया और भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने का भरोसा दिया। इसके बावजूद उनके इस्तीफे की मांग को लेकर विवाद लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। इस पूरे प्रकरण में खास बात यह है कि वाल्मीकि समाज के कई संगठनों और गणमान्य लोगों ने विजय वर्मा की सार्वजनिक माफी को स्वीकार करते हुए उन्हें माफ करने की बात कही है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि जब समाज के जिम्मेदार लोग आपसी सौहार्द के लिए आगे बढ़ने की बात कर रहे हैं, तो फिर कुछ लोगों द्वारा इस मामले को लगातार आगे बढ़ाने और इस्तीफे की मांग पर अड़े रहने का क्या औचित्य है। मुद्गल टाइम्स के संवाददाता से विशेष बातचीत में विजय वर्मा ने कहा कि उनसे गलती हुई थी और उन्होंने बिना किसी बहानेबाजी के उसे स्वीकार करते हुए पूरे समाज से माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि उनकी मंशा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने की नहीं थी। वह समाज के सम्मान और आपसी भाईचारे को सर्वोपरि मानते हैं। विजय वर्मा ने कहा कि माफी मांगने के बाद भी कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया और अखबारों की सुर्खियां बटोरने के लिए मामले को राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसी गलती नहीं होगी। जब गलती स्वीकार कर माफी मांगी जा चुकी है और समाज के कई जिम्मेदार लोग भी उसे स्वीकार कर चुके हैं, तो फिर विवाद को समाप्त करने के बजाय खींचने की जरूरत क्यों? सामाजिक एकता और भाईचारे के लिए माफी को स्वीकार करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है, जितना गलती करने वाले का उसे स्वीकार करना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights