फर्रुखाबाद, 10 जुलाई । उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद के थाना अमृतपुर क्षेत्र के ग्राम नगला खुशहाली में शुक्रवार सुबह 11 बजे खेतों में जानवर चराने गए वृद्ध की सोता नाले में डूबने से मौत हो गई। गांव निवासी बेचेलाल 60 पुत्र मूंगालाल सुबह करीब 11 बजे रोज की भांति अपने जानवरों को लेकर खेतों की ओर चराने गए थे। इसी दौरान सोता नाले के पास उनका पैर फिसल गया और वह नाले में गिर गए। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। मृतक के पुत्र मनोज ने बताया कि सूचना मिली थी कि जानवर खेत में खड़े हैं, लेकिन पिता दिखाई नहीं दे रहे हैं। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक उनकी तलाश की।
खोजबीन के दौरान सोता नाले में उनका शव दिखाई दिया। ग्रामीणों की मदद से उन्हें बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी रजनी ने बताया कि परिवार में नौ बच्चे हैं। पति की अचानक मौत से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। थाना प्रभारी ने बताया कि डूबने से मौत की सूचना पर पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस समय गंगा का जलस्तर थोडा बढ़ा हुआ है इस वजह से सोता नाला में भी पानी भरा है। जो कही-कही बड़े गड्डो का रूप ले चुका है। जो आज दुर्घटना का कारण बन गया।.
