चित्रकूट, 12 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में मऊ थाना क्षेत्र के जोरवारा गांव में रविवार शाम कथित प्रेम प्रसंग से जुड़ी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। एक युवक पर प्रेमिका के चाचा-चाची को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग करने का आरोप है। गोली लगने से दलित महिला मनोज कुमारी की मौत हो गई, जबकि उनके पति श्यामलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर एक खेत में लहूलुहान हालत में मिला। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने खुद को भी गोली मारी थी। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। वहीं, मामले को लेकर सियासत भी गरमा गई है। सपा विधायक अनिल प्रधान ने घटना पर आक्रोश जताते हुए उच्चस्तरीय जांच और स्थानीय पुलिस की भूमिका की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के अनुसार, मऊ थाना क्षेत्र के जोरवारा गांव निवासी श्यामधर मिश्रा उर्फ बबुआ का गांव की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। एक दिन पहले युवती छत से कूदकर घर से चली गई थी। परिजनों ने तलाश की तो वह घर से कुछ दूरी पर खड़े एक ट्रक में आरोपी युवक के साथ मिली। इसके बाद परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को बरामद किया।
पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह युवती के परिजनों ने मऊ थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी थी। इस पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। इसी बीच आरोपी को संदेह हुआ कि युवती के चाचा-चाची ने ही उसके प्रेम प्रसंग की जानकारी युवती के पिता और अन्य परिजनों को दी है। आरोप है कि इसी खुन्नस में उसने रविवार शाम वारदात को अंजाम दिया।
बताया गया कि रविवार शाम परिवार के लोग घर के अंदर बैठे थे। इसी दौरान आरोपी कथित तौर पर वहां पहुंचा और फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां लगने से श्यामलाल और उनकी पत्नी मनोज कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने मनोज कुमारी को मृत घोषित कर दिया, जबकि श्यामलाल की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्रयागराज के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
फायरिंग की घटना के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई। इसी दौरान वह घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर एक खेत में घायल अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खुद को गोली मार ली थी, जिससे उसकी गर्दन में चोट आई। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊ ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दलित परिवार की महिला की मौत पर सपा विधायक अनिल प्रधान का आक्रोश
जोरवारा गांव में दलित परिवार के साथ हुई इस घटना पर चित्रकूट के सपा विधायक अनिल प्रधान ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दबंग की ताबड़तोड़ फायरिंग में एक दलित महिला की जान चली गई, जबकि गोली लगने से उनके पति की हालत गंभीर बनी हुई है। विधायक ने शासन से पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
अनिल प्रधान ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए वह हर संभव लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के साथ स्थानीय पुलिस की भूमिका की भी जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की। विधायक ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस प्रशासन तमाशबीन बना हुआ है। उन्होंने थानों और चौकियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इनकी स्थिति लूट के अड्डों जैसी हो गई है।
घटना के बाद जोरवारा गांव में आक्रोश और तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। शुरुआती जांच में वारदात की वजह प्रेम प्रसंग से जुड़ी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस फायरिंग की परिस्थितियों, आरोपी के घायल होने और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
