uk-food-safety-deptt-action

हरिद्वार, 04 अगस्त । कांवड़ मेला-2026 के दृष्टिगत खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने लक्सर में बड़ी कार्रवाई की। सहायक आयुक्त महिमानन्द जोशी के निर्देश पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में टीम ने कोतवाली लक्सर तिराहा, बसेड़ी के पास एक प्रतिष्ठान से लगभग 2 कुंतल एक्सपायरी खाद्य पदार्थ जब्त किए।

जब्त सामान में नूडल्स, सॉस, खाद्य तेल, स्नैक्स, पानी की बोतल, कोल्ड ड्रिंक्स, बेसन, चायपत्ती और सोयाबड़ी शामिल हैं। मौके पर सोयाबड़ी का एक नमूना जांच के लिए लिया गया। नगर पालिका लक्सर के सहयोग से सभी एक्सपायरी सामान को सिमली लक्सर डंपिंग ग्राउंड में गड्ढा खोदकर नष्ट कराया गया।

संबंधित खाद्य कारोबारी का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। एक्सपायरी सामान के संग्रहण और बिक्री के मामले में न्यायालय में वाद दायर करने की संस्तुति भी की गई है। इसी क्रम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा के साथ सचल प्रयोगशाला ने रानीपुर मोड़ से ज्वालापुर तक 74 खाद्य नमूनों की जांच की। इसमें 9 नमूने अधोमानक पाए गए जिन्हें मौके पर नष्ट कराया गया। 3 कारोबारियों को मानकों का पालन न करने और लाइसेंस न प्रदर्शित करने पर नोटिस दिया गया।

अधिकारियों ने सभी कारोबारियों को बासी भोजन न बेचने, सामान ढककर रखने और फूड लाइसेंस व रेट लिस्ट प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights