uk-champawat-devidhura-bagwal

चम्पावत, 23 अगस्त । विश्व प्रसिद्ध माँ वाराही धाम देवीधुरा में रविवार को 13 दिवसीय बग्वाल मेले का विधिवत शुभारंभ हो गया। उत्तराखंड सरकार के शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन तथा जलागम प्रबंधन मंत्री राम सिंह कैड़ा ने माँ वाराही मंदिर के मुख्य द्वार पर फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और पारंपरिक उत्साह के बीच शुरू हुआ यह मेला 4 सितंबर तक चलेगा, जबकि इसका मुख्य आकर्षण ऐतिहासिक बग्वाल 28 अगस्त को आयोजित होगी।

उद्घाटन समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद मंत्री राम सिंह कैड़ा ने माँ वाराही देवी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और शांति की कामना की। मेले के शुभारंभ अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्कूली बच्चे मौजूद रहे।

ढोल-नगाड़ों, पारंपरिक छलिया नृत्य और कलश यात्रा के साथ अतिथियों का स्वागत किया गया। मुख्य बाजार से मंदिर परिसर तक निकाली गई भव्य शोभायात्रा में महिलाओं और छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लेकर क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। संस्कृत महाविद्यालय देवीधुरा के विद्यार्थियों एवं राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने वैदिक मंत्रोच्चार और स्वस्ति वाचन के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि माँ वाराही धाम केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित होने वाली ऐतिहासिक बग्वाल इस मेले की विशिष्ट पहचान है, जिसमें चारों खामों के लोग पारंपरिक उत्साह के साथ भाग लेते हैं। उन्होंने प्रदेश एवं देशवासियों से देवीधुरा पहुंचकर माँ वाराही के दर्शन करने तथा मेले को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की।

उद्घाटन के बाद मंदिर समिति की ओर से मंत्री राम सिंह कैड़ा को स्मृति चिन्ह एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, मेला संयोजक मोहन सिंह बिष्ट, माँ वाराही शक्तिपीठ ट्रस्ट के अध्यक्ष हीरा वल्लभ जोशी, पूर्व मंदिर कमेटी अध्यक्ष खीम सिंह लमगड़िया, नरेंद्र सिंह लडवाल, राजेश बिष्ट, अमित लमगड़िया, लक्ष्मी दत्त जोशी, जगदीश सिंह सिनग्वाल, नगर पंचायत पाटी अध्यक्ष नारायण लाल, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, उपजिलाधिकारी नीतू डांगर, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अनिल जोशी, जिला पंचायत सदस्य बहादुर सिंह नदगली, हयात सिंह बिष्ट, प्रधान वालिक राजेंद्र बिष्ट, ट्रस्टी मोहन सिंह सिनग्वाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights