औरैया, 17 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर अछल्दा स्टेशन के पास बैसोली गांव के सामने सोमवार सुबह ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान बिहार के भागलपुर निवासी अंकित कुमार (23) के रूप में हुई है। सुबह करीब पौने पांच बजे 12452 श्रम शक्ति एक्सप्रेस के लोको पायलट ने खंभा नंबर 1117/26 के पास रेलवे ट्रैक पर युवक का क्षत-विक्षत शव पड़ा देखा। सूचना पर आरपीएफ और गैंगमैन मौके पर पहुंचे और ट्रैक से शव को हटाकर किनारे किया। करीब आठ बजे जीआरपी टीम ने शव की तलाशी ली।
मृतक के पर्स से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान बिहार राज्य के नया टोला निवासी अंकित कुमार के रूप में हुई। घटनास्थल के पास तलाशी के दौरान वीवो कंपनी का टूटा मोबाइल भी बरामद हुआ।
प्रथम दृष्टया आशंका है कि युवक किसी ट्रेन में गेट के पास बैठकर यात्रा कर रहा था और नींद आने के कारण संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया। जीआरपी प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।
