नीरज प्रजापति
मुजफ्फरनगर। नचिकेता स्कूल्स में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, देशभक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर को तिरंगे के रंगों से आकर्षक रूप से सजाया गया तथा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने पूरे जोश के साथ इस राष्ट्रीय पर्व में भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री चंद्र मोहन उपाध्याय जी (रिटायर्ड डिस्ट्रिक्ट जज) ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों को निर्वहन के लिए प्रेरित किया।

इसके पश्चात विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, कविताएँ, भाषण एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और राष्ट्रप्रेम को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन, उप-प्रधानाचार्या श्रीमती जसबीर कौर जी एवं उप-प्रधानाचार्या (एडमिनिस्ट्रेशन) विक्की जैन जी सहित समस्त शिक्षकगण एवं अभिभावक उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए उन्हें अनुशासन, नैतिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता एवं राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में प्रस्तुत प्रत्येक सांस्कृतिक प्रस्तुति ने सभी उपस्थित जनों का मन मोह लिया और पूरे विद्यालय परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। अंत में “भारत माता की जय” तथा “वंदे मातरम्” के जयघोष के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
