up-auraiya-prayers-for-arunach

औरैया, 17 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अरुणाचल प्रदेश के दिबांग वैली जिले में शुक्रवार शाम भारी बारिश के बाद आई अचानक बाढ़ ने सेना के पाशु पानी आर्मी कैंप में तबाही मचा दी। तेज पानी के बहाव में 5वीं ग्रेनेडियर के दो शेल्टर बह गए। हादसे में सात जवान बाढ़ की चपेट में आ गए, जिनमें दो को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि पांच जवान अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। लापता जवानों में औरैया जिले के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के सराय अमिलिया गांव निवासी विनोद यादव भी शामिल हैं।

विनोद यादव महेंद्र यादव के पुत्र हैं। वह अग्निवीर योजना के शुरुआती बैच में सेना में भर्ती हुए थे और वर्तमान में 5वीं ग्रेनेडियर में तैनात थे। जवान के लापता होने की सूचना मिलते ही सराय अमिलिया गांव में चिंता का माहौल है। ग्रामीण लगातार उनके घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं और विनोद के सकुशल लौटने की प्रार्थना कर रहे हैं।

परिजनों के अनुसार, विनोद की शादी अप्रैल 2025 में इटावा जिले के जौली गांव निवासी सुनीता देवी से हुई थी। उनका छोटा भाई अभिषेक है, जबकि पिता महेंद्र यादव किसान हैं। बेटे के लापता होने की खबर के बाद से परिवार की निगाहें सेना के बचाव अभियान पर टिकी हैं। परिजन हर पल विनोद की सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं।

सेना की ओर से लापता जवानों की तलाश के लिए 5वीं ग्रेनेडियर की दो खोज एवं बचाव टीमें घटनास्थल पर तैनात की गई हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र और आसपास लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। दुर्गम पहाड़ी इलाका, तेज बारिश और पानी का बहाव राहत एवं बचाव कार्य में चुनौती बने हुए हैं।

इधर, सराय अमिलिया गांव में भी ग्रामीण सेना और प्रशासन से मिलने वाली हर सूचना पर नजर बनाए हुए हैं। विनोद की सलामती को लेकर गांव में हर कोई चिंतित है। ग्रामीणों ने उनके सकुशल वापस लौटने की कामना करते हुए परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिया है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights