हमीरपुर, 26 अगस्त । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में चंद्रावल नदी में डूबे चरवाहे का शव बुधवार को बांदा जनपद के पैलानी थाना क्षेत्र के नरी गांव के पास केन नदी में उतराता पाया गया। पैलानी थाना पुलिस ने शव को नदी से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए बांदा भेजा है।
गत शुक्रवार को मौहर गांव निवासी भगवानदीन निषाद भैंसों को नदी उस पार से इस पार लाने के लिए मौहर कैथी के मध्य चंद्रावल नदी में उतरा था। नदी में पानी अधिक होने तथा तेज बहाव के चलते यह डूब गया था। तब से इसकी खोजबीन जारी थी। यह चंद्रावल नदी से बहता हुआ केन नदी में पहुंच गया। बुधवार को उसका शव पैलानी थानाक्षेत्र के नरी गांव के पास नदी में उतराता हुआ देखा गया। ग्रामीणों ने नदी में शव होने की सूचना थाना पुलिस को दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने नाविकों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया और परिजनों को सूचित किया।
सूचना पाकर पुत्र रामबाबू रिश्तेदारों ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांदा भेजा है। कई दिनों तक पानी में डूबे रहने के कारण शव बुरी तरह से फूल गया । ग्राम प्रधान राममिलन निषाद ने बताया कि चरवाहे का शव छठवें दिन बुधवार को केन नदी में मिला है। शिनाख्त के बाद पैलानी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है
