ड्यूटी खत्म कर लौट रहे युवक को ट्रक ने मारी टक्कर, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

नीरज प्रजापति

मुजफ्फरनगर। तितावी थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। फैक्ट्री से ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहे युवक को काजीखेड़ा स्टैंड के निकट तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिरा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

रोज की तरह घर से निकला था, रास्ते में मौत ने रोका सफर

मृतक की पहचान 30 वर्षीय नाजिम पुत्र हसीन निवासी थाना तितावी क्षेत्र के रूप में हुई है। नाजिम शहर के राणा चौक स्थित एक फैक्ट्री में कार्य करता था। बुधवार शाम ड्यूटी पूरी करने के बाद वह अपनी बाइक से घर लौट रहा था। परिजनों को क्या पता था कि यह उसका आखिरी सफर साबित होगा।
टक्कर इतनी भीषण कि दूर जा गिरा युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही नाजिम काजीखेड़ा स्टैंड के समीप पहुंचा, सामने से तेज गति में आ रहे ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक कई फीट दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।

पुलिस की कोशिश नाकाम, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

हादसे की सूचना मिलते ही तितावी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बघरा पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद नाजिम को मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

चालक हिरासत में, ट्रक जब्त

दुर्घटना के बाद पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर वाहन को कब्जे में ले लिया। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

स्थानीय लोगों में आक्रोश, भारी वाहनों पर अंकुश लगाने की उठी मांग

हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों ने तेज रफ्तार भारी वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की। लोगों का कहना है कि काजीखेड़ा मार्ग पर अक्सर भारी वाहन तेज गति से गुजरते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्पीड कंट्रोल के प्रभावी इंतजाम, नियमित चेकिंग और सड़क सुरक्षा के कड़े उपाय लागू करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights