मनीष अग्रवाल
सहारानपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन सहारानपुर ने आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को पूर्णतः सुरक्षित, शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से वीरवार को पुलिस अधीक्षक यातायात व अन्य पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में रिजर्व पुलिस लाइन, सहारनपुर स्थित बहुउद्देशीय टीनशेड में जनपद की सीमाओं से लगे बाहरी राज्यों एवं जनपदों से कांवड़ यात्रा में सम्मिलित होने वाले डीजे संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर द्वारा अवगत कराया गया कि कांवड़ यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था, विश्वास एवं सनातन परंपरा का महापर्व है, कांवड़ यात्रा सुरक्षा, गरिमा एवं निर्बाध संचालन सुनिश्चित करना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी डीजे संचालकों को शासन एवं पुलिस मुख्यालय द्वारा निर्धारित मानकों का अक्षरशः अनुपालन करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि प्रत्येक डीजे की लम्बाई, चौड़ाई, ऊँचाई एवं ध्वनि स्तर निर्धारित सीमा के अनुरूप ही रहेगा। साथ ही डीजे वाहनों में किसी प्रकार का अनधिकृत अथवा जोखिमपूर्ण संशोधन न करने, यातायात नियमों का पूर्ण पालन करने तथा सार्वजनिक सुरक्षा एवं धार्मिक मर्यादाओं के अनुरूप आचरण बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा की सफलता केवल प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर नहीं, बल्कि प्रत्येक सहभागी के अनुशासन, उत्तरदायित्व एवं सहयोग पर भी निर्भर करती है। निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। गोष्ठी में उपस्थित सभी डीजे संचालकों ने सहारनपुर पुलिस को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। सहारनपुर पुलिस जनसहभागिता एवं प्रभावी समन्वय के माध्यम से कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षा, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रबंधन का आदर्श मॉडल बनाने हेतु सतत प्रयासरत है।
