आइची-नागोया, 28 सितंबर । भारत की ईशा सिंह ने एशियाई खेल 2026 में महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीता। सोमवार को रोमांचक फाइनल में ईशा का स्कोर चीन की शियाओ जियारुईशुआन के बराबर 38 अंक रहा, लेकिन दूसरे शूट-ऑफ में मामूली अंतर से पिछड़ने के कारण उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। उत्तर कोरिया की किम ह्योन सुक ने 34 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता।
ईशा ने फाइनल की शानदार शुरुआत करते हुए पहले सीरीज में पांचों निशाने साधे और शुरुआती बढ़त हासिल की। दूसरी सीरीज में चार निशाने सही लगाकर वह 10 शॉट के बाद भी शीर्ष पर बनी रहीं।
इसके बाद तीन हिट वाली सीरीज के कारण ईशा दूसरे स्थान पर खिसक गईं, जबकि शियाओ 13 अंकों के साथ आगे निकल गईं। ईशा ने अगली सीरीज में चार हिट लगाकर वापसी की और 20 शॉट के बाद शियाओ के साथ 16 अंकों पर बराबरी कर ली।
25 शॉट के बाद ईशा और शियाओ 20-20 अंकों पर थीं और किम भी शीर्ष पर पहुंच गई थीं। हालांकि अगली सीरीज के बाद ईशा तीसरे स्थान पर खिसक गईं। उन्होंने इसके बाद पांच हिट की अहम सीरीज के साथ वापसी की और पदक पक्का किया।
40 शॉट के बाद शियाओ और किम 32-32 अंकों पर थीं, जबकि ईशा के 31 अंक थे। इसके बाद रजत और कांस्य पदक का फैसला शूट-ऑफ से हुआ। ईशा और किम ने शुरुआती दो शूट-ऑफ सीरीज में तीन-तीन हिट लगाए। निर्णायक शूट-ऑफ में ईशा ने तीन निशाने साधे, जबकि किम दो ही हिट कर सकीं। इसके साथ ईशा ने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया।
इसके बाद स्वर्ण पदक के लिए ईशा और शियाओ के बीच शूट-ऑफ हुआ। नियमित फाइनल और पहले शूट-ऑफ के बाद दोनों के 38-38 अंक थे, इसलिए पांच शॉट का एक और निर्णायक शूट-ऑफ हुआ। इसमें शियाओ ने तीन और ईशा ने दो निशाने साधे। इस तरह शियाओ ने स्वर्ण और ईशा ने रजत पदक अपने नाम किया।
इस पदक के साथ एशियाई खेलों में भारत की पदक संख्या 39 हो गई है। भारत के खाते में अब तक 4 स्वर्ण, 17 रजत और 18 कांस्य पदक हैं।
