नई दिल्ली, 30 अप्रैल । दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से गुरुवार को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा का शुभारंभ हुआ। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 1400 श्रद्धालुओं को लेकर जाने वाली विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि नई दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से आज सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा का शुभारंभ हुआ। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा के साथ यात्रियों से भेंट कर उन्हें यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य देश की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय स्वाभिमान को कालजयी सोमनाथ मंदिर की गौरवगाथा के माध्यम से प्रस्तुत करना है। भारतीय आस्था में सद्भावपूर्ण एकता का प्रवाह निहित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा ‘1000 वर्षों की अखंड आस्था’ को समर्पित एक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहल है, जिसका उद्देश्य दिल्लीवासियों को अपनी आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में यह यात्रा शुरू की गई है। इसी के साथ दिल्ली देश का पहला ऐसा राज्य/केंद्रशासित प्रदेश बन गया है, जिसने एक साथ करीब 1400 श्रद्धालुओं को इतनी बड़ी और व्यवस्थित सोमनाथ यात्रा पर भेजा है। इस यात्रा के दौरान दिल्ली सरकार द्वारा श्रद्धालुओं को सोमनाथ मंदिर सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा का पूरा रेल किराया और भोजन दिल्ली सरकार दे रही है। वहीं गुजरात सरकार यात्रियों के ठहरने, स्थानीय परिवहन और मंदिर दर्शन की पूरी व्यवस्था करेगी। दोनों राज्यों के समन्वय से यह यात्रा सुरक्षित और सुव्यवस्थित अनुभव बनेगी।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित श्रद्धालुओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि यह यात्रा भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आस्था और सभ्यता के गौरव का प्रतीक है। यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि देश की हजारों वर्षों पुरानी सांस्कृतिक चेतना और आस्था का उत्सव है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक और अयोध्या में राम मंदिर जैसे ऐतिहासिक कार्यों ने भारतीय संस्कृति को नई पहचान और नई ऊर्जा दी है। यह यात्रा उसी भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास है।
दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि सरकार का यह प्रयास केवल एक यात्रा की व्यवस्था भर नहीं, बल्कि नागरिकों की आस्था, सम्मान और सांस्कृतिक जुड़ाव को सशक्त करने का एक महत्वपूर्ण संकल्प है। भगवान सोमनाथ से प्रार्थना है कि सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित, मंगलमय और सफल हो। वे अपने परिवारों और राष्ट्र की समृद्धि के लिए जो भी मनोकामनाएं लेकर जा रहे हैं, भगवान उन्हें अवश्य पूर्ण करें।
यह विशेष ट्रेन सफदरजंग रेलवे स्टेशन से गुजरात के वेरावल तक जाएगी। वहां से श्रद्धालु सोमनाथ मंदिर और अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। सभी यात्री 5 मई को दिल्ली लौटेंगे।
————–
