18 नवंबर को निकलेगी भव्य रथयात्रा, आठ झांकियों और तीन बैंडों के साथ नगर भ्रमण करेंगे लखदातार

पहली बार होगा खाटू श्याम की लीलाओं का मंचन, निशान यात्रा में 3 से 4 हजार श्रद्धालुओं के उमड़ने की संभावना

मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा… इस जयकारे से जल्द ही धर्मनगरी मुजफ्फरनगर की गलियां गूंजने वाली हैं। भक्ति, आस्था और श्रद्धा का ऐसा अद्भुत संगम सजने जा रहा है, जिसमें हर रास्ता श्याममय होगा और हर जुबां पर बाबा खाटू श्याम का नाम होगा। भरतिया कॉलोनी स्थित श्रीगणपति खाटू श्याम मंदिर में भगवान श्री खाटू श्याम का पांच दिवसीय जन्मोत्सव 17 से 21 नवंबर तक धूमधाम और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। जन्मोत्सव का मुख्य आकर्षण 18 नवंबर को निकलने वाली विशाल एवं परंपरागत रथयात्रा होगी, जिसमें बाबा श्याम के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ने की उम्मीद है। सोमवार को श्री गणपति खाटू श्याम मंदिर परिवार की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में जन्मोत्सव के कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। इस दौरान श्री गणपति खाटू श्याम मंदिर परिवार के अध्यक्ष अशोक गर्ग ने बताया कि बुधवार 18 नवंबर को सुबह 10 बजे मंदिर प्रांगण से बाबा श्याम की भव्य रथयात्रा प्रारंभ होगी। यात्रा में तीन बैंड, ढोल और आठ आकर्षक धार्मिक झांकियां शामिल रहेंगी। उन्होंने बताया कि सबसे विशेष आकर्षण बाबा श्याम का वह रथ होगा, जिसे श्रद्धालु अपने हाथों से खींचकर नगर भ्रमण कराएंगे। यह दृश्य भक्तों की अटूट आस्था और समर्पण का प्रतीक बनेगा। यात्रा मार्ग को झंडों और तोरणद्वारों से सजाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि रथयात्रा गणपति धाम मंदिर से प्रारंभ होकर नवीन मंडी गुड़ मंडी, बाबूराम गेट, मुनीम कॉलोनी, जैन कन्या इंटर कॉलेज, नई मंडी डाकखाना, गौशाला रोड, पुरानी गुड़ मंडी, पीठ बाजार, बिंदल बाजार, मेहता क्लब, वकील रोड, चौड़ी गली, भोपा पुल, मालवीय चौक, अंसारी रोड, सर्राफा बाजार, भगत सिंह रोड और शिव चौक सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस मंदिर पहुंचेगी। वहीं भीम सेन कंसल ने कहा कि इस बार जन्मोत्सव में एक विशेष धार्मिक आकर्षण भी जुड़ने जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनपद में पहली बार भगवान खाटू श्याम की दिव्य लीलाओं का मंचन किया जाएगा। इसके माध्यम से श्रद्धालुओं को बाबा की महिमा, भक्ति और जीवन से जुड़े प्रसंगों को करीब से देखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि धार्मिक आयोजनों की शुरुआत 17 नवंबर को शाम सात बजे मंदिर प्रांगण में मेहंदी उत्सव से होगी। 19 नवंबर को सुबह नौ बजे कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो नई मंडी के प्रमुख मार्गों से होकर मंदिर पहुंचेगी। इसी दिन से दोपहर तीन से शाम छह बजे तक श्री श्याम कथा का शुभारंभ होगा। कथा व्यास गिरिराज शरण जयपुर वाले होंगे, जो 21 नवंबर तक कथा के माध्यम से बाबा की महिमा का गुणगान करेंगे। 20 नवंबर को सुबह नौ बजे शिव चौक से भव्य निशान यात्रा प्रारंभ होकर मंदिर प्रांगण में संपन्न होगी। भीम सेन कंसल ने बताया कि इस निशान यात्रा में तीन से चार हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसी दिन रात आठ बजे एकादशी संकीर्तन होगा, जिसमें भजन प्रवाहक विमल दीक्षित (पागल), हरिगढ़ और स्थानीय कलाकार भजनों की अमृतवर्षा करेंगे। 21 नवंबर को कथा समापन, बधाई उत्सव और शाम सात बजे से विशाल भंडारे के साथ पांच दिवसीय जन्मोत्सव का समापन होगा। इस दौरान आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बाबा श्याम के जन्मोत्सव में सहभागी बनने की अपील की है। भीमसेन कंसल, अशोक गर्ग, अनिल गोयल, जेपी गोयल, कैलाश चंद ज्ञानी, सोमप्रकाश कुच्छल, अम्बरीश सिंघल, बिजेन्द्र कुमार रानो, विकास अग्रवाल, विनोद राठी, अमित गोयल, अंकित अग्रवाल, रजत गोयल, नवीन अग्रवाल, शशांक राणा, रजत राठी, नवनीत गुप्ता, अग्रिम सिंघल, तुषार गर्ग, राहुल ठाकुर सहित गणपतिधाम परिवार के सदस्य आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं। इस बार मुजफ्फरनगर में बाबा श्याम का जन्मोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हजारों भक्तों की सामूहिक आस्था, प्रेम और समर्पण का उत्सव बनने जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights