कोहरे से पहले हाईवे पर रेट्रो-रिफ्लेक्टर टेप लगाने और रोड मार्किंग सुधारने के निर्देश

सहारनपुर ( मनीष अग्रवाल)। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने दो सड़क सुरक्षा प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगा।

पखवाड़े के दौरान दोनों प्रचार वाहन जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर वाहन चालकों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को यातायात नियमों एवं सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक करेंगे। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त प्रवर्तन कार्रवाई भी की जाएगी।

मंडलायुक्त ने परिवहन एवं यातायात विभाग को अभियान के दौरान कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी कोहरे के मौसम को देखते हुए दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर सहित प्रमुख राजमार्गों पर रेट्रो-रिफ्लेक्टर टेप लगाने और रोड मार्किंग सुधारने पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित उपस्थित नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान एसडीए उपाध्यक्ष सूरज पटेल, आरटीओ प्रवर्तन मनोज कुमार सिंह, एम.पी सिंह संभागीय परिवहन अधिकारी, प्रवर्तन सहारनपुर, मानवेंद्र सिंह सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी और एसपी ट्रैफिक शैलेंद्र श्रीवास्तव,यातायात प्रभारी निरीक्षक अमित तोमर सहित परिवहन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights