shivraj-singh-democracy-congre

नई दिल्ली, 03 अक्टूबर । केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं और जनादेश को बदनाम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जब चुनाव में जनता कांग्रेस को नकारती है तो पार्टी चुनाव आयोग, ईवीएम और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल उठाने लगती है।

चौहान ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को ‘अवैध’ बताना संवैधानिक संस्थाओं और जनादेश का अपमान है। उन्होंने कहा कि यह बयान कांग्रेस की हताशा और संवैधानिक संस्थाओं पर प्रहार करने की उसकी पुरानी राजनीति का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को देश की जनता ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुना है। ऐसे में उन्हें ‘अवैध’ कहना लोकतांत्रिक व्यवस्था का अपमान है। चौहान ने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस के लिए लोकतंत्र तभी वैध है, जब गांधी परिवार या कांग्रेस सत्ता में हो।

केंद्रीय मंत्री ने चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य निर्वाचन आयुक्त अधिनियम, 2023 संसद के दोनों सदनों से पारित हुआ है और इसमें नेता प्रतिपक्ष को चयन समिति का हिस्सा बनाया गया है। चौहान के मुताबिक, इससे विपक्ष की भागीदारी सुनिश्चित होती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में बिना पारदर्शी चयन प्रक्रिया के चुनाव आयुक्तों की नियुक्तियां की जाती थीं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अपडेट करना, फर्जी और दोहरे नाम हटाना तथा पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ना चुनाव आयोग की नियमित और वैधानिक प्रक्रिया है।

ईवीएम को लेकर चौहान ने कहा कि कांग्रेस जब कर्नाटक, तेलंगाना या हिमाचल प्रदेश में चुनाव जीतती है तो उसे ईवीएम पर आपत्ति नहीं होती लेकिन हार के बाद ईवीएम को जिम्मेदार ठहराया जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश को बूथ कैप्चरिंग, मतपेटी लूट और चुनावी हिंसा वाले पुराने दौर में वापस ले जाना चाहती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी हार से ध्यान हटाने के लिए कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं पर हमला कर रही है और लोकतांत्रिक व्यवस्था को बदनाम कर रही है। चौहान ने कहा कि भाजपा संविधान और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में विश्वास रखती है तथा जनता ऐसे बयानों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देती रहेगी।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights