ग्राहक बनकर पहुंचेगा विभाग, टेस्ट परचेज से पकड़ी जाएगी मनमानी, POS मशीन से बिक्री और स्टॉक का मिलान, QR कोड स्कैन कर बोतलों की भी होगी जांच।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति) । शराब की दुकानों पर ग्राहकों से निर्धारित कीमत से अधिक वसूली करने और स्टॉक में गड़बड़ी करने वालों की अब खैर नहीं। आबकारी विभाग ने जिले में शराब की दुकानों पर निगरानी का दायरा बढ़ाते हुए सख्त चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। इस बार विभाग ने केवल कागजी रिकॉर्ड और दुकानों की जांच तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि गोपनीय टेस्ट परचेज के जरिए यह भी परखा कि ग्राहकों को शराब निर्धारित मूल्य पर ही बेची जा रही है या नहीं। अचानक हुई इस कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हलचल मची रही। 17 नवंबर 2026 को जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आबकारी निरीक्षकों की टीमों ने EICFS ऐप के माध्यम से जनपद की विभिन्न देशी, अंग्रेजी शराब और बीयर की दुकानों का निरीक्षण किया। सिटी इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि अभियान का मुख्य मकसद शराब की बिक्री में पारदर्शिता कायम करने के साथ ओवररेटिंग, अवैध बिक्री और स्टॉक संबंधी अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश लगाना रहा। निरीक्षण के दौरान आबकारी विभाग ने POS मशीन को जांच का प्रमुख आधार बनाया। दुकानदारों को निर्देशित किया गया कि शराब की शत-प्रतिशत बिक्री POS मशीन के माध्यम से ही दर्ज की जाए। इसके बाद दुकानों में उपलब्ध शराब के स्टॉक का स्टॉक रजिस्टर में दर्ज आंकड़ों से मिलान कर भौतिक सत्यापन किया गया। इस प्रक्रिया के जरिए यह परखने का प्रयास किया गया कि दुकान पर मौजूद शराब और रिकॉर्ड में दर्ज मात्रा के बीच कोई अंतर तो नहीं है। अभियान का सबसे अहम पहलू गोपनीय टेस्ट परचेज रहा। इसके तहत यह जांच की गई कि दुकानों पर शराब की बोतलें निर्धारित मूल्य पर ही बेची जा रही हैं अथवा ग्राहकों से अधिक रकम वसूली जा रही है। इस व्यवस्था से दुकानदारों की वास्तविक कार्यप्रणाली परखने और ओवररेटिंग की शिकायतों की पुष्टि करने में मदद मिलेगी। अधिकारियों ने दुकानों में रखी शराब की बोतलों में से रैंडम आधार पर बोतलों का चयन कर उनके QR कोड स्कैन किए। विभागीय ऐप के माध्यम से इनका सत्यापन किया गया। साथ ही दुकानों पर लगे CCTV कैमरों को हर समय चालू और क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए, ताकि बिक्री प्रक्रिया पर निगरानी बनी रहे। उधर, जानसठ क्षेत्र में रोड चेकिंग अभियान भी चलाया गया। रात के समय शराब की दुकानों को निर्धारित समय पर बंद कराने के लिए निगरानी की गई। आबकारी विभाग ने साफ किया है कि ओवररेटिंग, स्टॉक में हेराफेरी और नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले में दुकानों का औचक निरीक्षण और चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।
