नीरज प्रजापति
नई आबादी में युवक को गोलियों से भूना, इलाके में मचा हड़कंप
मुजफ्फरनगर। शामली में हरियाणा के एक सिंगर की ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या की वारदात के महज करीब तीन घंटे बाद अब जनपद मुजफ्फरनगर के कस्बा खतौली में गोली मारकर युवक की हत्या से सनसनी फैल गई। खतौली थाना क्षेत्र की नई आबादी मोहल्ले में हुई इस वारदात ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। लगातार सामने आईं दोनों वारदातों से कानून-व्यवस्था को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, खतौली थाना क्षेत्र की नई आबादी मोहल्ले में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। बताया गया कि हत्या की सूचना आसपास के क्षेत्र में फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों के संबंध में अभी पुलिस की जांच जारी है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास के लोगों से जानकारी हासिल करनी शुरू कर दी है।
सबसे बड़ी बात यह है कि शामली में करीब तीन घंटे पहले ही हरियाणा के एक सिंगर की ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या किए जाने की खबर सामने आई थी। इसके कुछ ही घंटे बाद खतौली की नई आबादी में युवक की हत्या ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को झकझोर दिया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक की हत्या किस वजह से की गई और हमलावर कौन थे। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
