नीरज प्रजापति

सोनू डॉक्टर की दुकान के पास अचेत अवस्था में मिला था व्यक्ति, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने किया मृत घोषित, पुलिस ने पोस्टमार्टम के साथ शुरू की जांच

खतौली। कस्बा खतौली में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब नई आबादी निवासी 52 वर्षीय सरदार आलम पुत्र जरीन संदिग्ध परिस्थितियों में अचेत अवस्था में मिले। आनन-फानन में मोहल्ले के लोगों ने उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खतौली पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सरदार आलम कस्बा खतौली में सोनू डॉक्टर की दुकान के पास अचेत अवस्था में पड़े मिले थे। आसपास के लोगों ने उन्हें गंभीर हालत में देखा तो तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतक के शरीर के सीने, पेट और बाजू पर चोट के निशान पाए जाने से मामला और गंभीर हो गया है।
सूचना पर थाना खतौली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने की कार्रवाई शुरू की और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की। मृतक के परिजन भी मौके पर मौजूद रहे। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
क्षेत्राधिकारी खतौली रूपाली राव ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। हालांकि शरीर पर चोट के निशान मिलने के कारण पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस के अनुसार प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना खतौली में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की पड़ताल में जुटी है। फिलहाल मौके पर कानून एवं शांति व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights