वासु धीमान
उत्तेजित परिजनों ने हनुमान रोड पर शव रखकर लगाया जाम, कार्रवाई की मांग
मौके पर पहुंचे एसपी, एएसपी समेत भारी पुलिसफोर्स, मची अफरा-तफरी
शामली। शहर के मौहल्ला आर्यपुरी नाला पटरी पर हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोलियां से भूनकर हत्या कर दी गई। वह शाम के समय नाला पटरी स्थित जिम से वापस लौट रहे थे। तभी तीन-चार लोगों ने पिस्टलों से अंधाधुंध गोलियां बरसा दी और फरार हो गए। फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अंकित को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उधर घटना से आक्रोशित परिजनों ने वर्मा मार्केट के सामने हनुमान रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस अधिकारी परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे थे।

बाबरी थानाक्षेत्र के गांव बंतीखेडा निवासी अंकित बालियान पुत्र सतबीर बालियान हरियाणवी सिंगर थे, जो पिछले कई सालों से हरियाणा में परिवार के साथ रह रहे थे। परिजनों के अनुसार अभी कुछ महीनों से अंकित परिवार के साथ पैतृक गांव बंतीखेडा में आकर रह रहे थे। अंकित बालियान प्रतिदिन शामली के मौहल्ला आर्यपुरी नाला पटरी स्थित जिम में एक्सरसाइज करने के लिए आते थे। बुधवार की शाम भी वह जिम में आए थे और एक्सरसाइज करके जिम से बाहर निकलकर अपनी स्कार्पियो कार में बैठने के लिए जा रहे थे। तभी तीन-चार अज्ञात बदमाशों ने पिस्टलों से उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। बदमाशों ने करीब 20 राउंड फायर किए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। उधर गोली लगने से अंकित मौके पर ही गिर पडे।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जमीन पर पडे अंकित को सीएचसी शामली में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर एसपी एनपी सिंह, एएसपी सुमित शुक्ला, सीओ जितेन्द्र सिंह, कोतवाल धर्मेंद्र गौतम समेत भारी पुलिसफोर्स मौके पर पहुंच गई। उधर आक्रोशित परिजन शव कब्जे में लेकर वर्मा मार्केट के सामने हनुमान रोड पर पहुंचे और स्कार्पियो कार को आडी-तिरछी खडी कर शव को सडक पर रखकर हंगामा-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सूचना पर सीओ सिटी, आदर्श मंडी एसओ, शामली कोतवाल मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक परिजनों का हंगामा-प्रदर्शन व जाम जारी था। मृतक के छोटे भाई विक्की बालियान ने बताया कि अंकित कुछ महीनों से गांव में रह रहा था। हत्या करने वाले कौन थे, इस बारे मंे अभी कुछ नहीं कहा जा सकता।
