नीरज प्रजापति

रात के अंधेरे में बाजार की सार्वजनिक संपत्ति पर हमला, गश्त करती पुलिस के बावजूद नहीं थमा उपद्रव—दुकानदारों में उबाल, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
खतौली। जनपद मुजफ्फरनगर की तहसील खतौली में असामाजिक तत्वों के बढ़ते दुस्साहस ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के प्रमुख सर्राफा बड़ा बाजार में गत देर रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाते हुए सार्वजनिक सुविधा के लिए लगाए गए करीब आधा दर्जन नलों को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह बाजार में पहुंचे व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने जब सार्वजनिक नलों की यह हालत देखी तो आक्रोश भड़क उठा।
सर्राफा बड़ा बाजार कोई सुनसान इलाका नहीं है। यह शहर का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है और रात के समय भी पुलिस गश्त का दावा किया जाता है। इसके बावजूद असामाजिक तत्वों द्वारा बेखौफ होकर एक के बाद एक सार्वजनिक नलों को निशाना बनाना कई सवाल खड़े कर रहा है।
बताया गया कि बाजार में राहगीरों और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए सार्वजनिक नल लगाए गए थे। इन नलों का इस्तेमाल बाजार में आने वाले लोग और आसपास के नागरिक करते हैं। आरोप है कि देर रात असामाजिक तत्वों ने इन नलों में तोड़फोड़ कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की जानकारी सुबह बाजार खुलने पर हुई तो दुकानदारों में भारी नाराजगी फैल गई।

गश्त के बीच इतनी बड़ी वारदात कैसे?

घटना ने पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों का कहना है कि यदि पुलिसकर्मी रात में बाजारों में गश्त कर रहे हैं, तो फिर असामाजिक तत्वों को सार्वजनिक संपत्ति को निशाना बनाने का मौका कैसे मिला? आधा दर्जन नलों को क्षतिग्रस्त करने में समय लगा होगा, ऐसे में घटना पुलिस की सक्रियता और निगरानी व्यवस्था के लिए चुनौती बनकर सामने आई है।
व्यापारियों का कहना है कि सार्वजनिक नलों में तोड़फोड़ महज छोटी घटना नहीं है। यह बाजार की व्यवस्था और आम जनता की सुविधा को नुकसान पहुंचाने वाला कृत्य है। व्यापारियों ने मांग की है कि बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाए और रात के समय संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
घटना के बाद सर्राफा बाजार के व्यापारियों में भारी आक्रोश और असुरक्षा की भावना दिखाई दे रही है। दुकानदारों ने पुलिस-प्रशासन से रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने, बाजार की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सार्वजनिक नलों में तोड़फोड़ करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights