नीरज प्रजापति

मुजफ्फरनगर । लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ बड़े हर्साेल्लास के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेबी स्टील्स के निदेशक व समाजसेवी राजू अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि शिक्षाविद डॉ अशोक बिरमानी, प्रबंध समिति अध्यक्ष सूरत सिंह वर्मा, प्रबंधक बाल बहादुर, उपप्रबंधक ज्ञानचंद संगल, प्रमोद कुमार तिवारी, समिति सदस्य भानुप्रताप अग्रवाल, सुभाषचंद गुप्ता, अरविंद कुमार, जयप्रकाश, आदित्य आर्य, सीए अतुल अग्रवाल, विपिन राठी, संजीव कुमार तथा प्रधानाचार्य शिव शंकर शर्मा ने सयुंक्त रूप से ध्वजारोहण किया। वरिष्ठ शिक्षक महेश कुमार ने आगंतुक अतिथियों का परिचय कराया। विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी आगंतुक अतिथियों को पटका पहनाकर एवं श्रीमदभागवत गीता की प्रति प्रदानकर सम्मानित किया गया। एनसीसी के कैडेट्स ने शस्त्र के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।

प्रधानाचार्य शिव शंकर शर्मा ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनायें प्रदान करते हुए कहा कि देश की आजादी में अनेकों वीरों ने अपने प्राणों की आहुति दी। हम उन सभी वीरों के प्रति अपनी सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं तथा उन माता-बहनों एवं वीरांगनाओं को शत-शत नमन करते हैं, जिन्होंने देश के स्वतंत्रता आंदोलन में अपनों का सर्वोच्च बलिदान दिया था। हम अपने देश को सशक्त बनाएं तथा भावी युवा पीढ़ी के अंदर संस्कार एवं नैतिकता का भाव विकसित करें ताकि वे देश की उन्नति में सहायक साबित हो सकें।

इस अवसर पर मुख्य वक्ता शिक्षाविद डॉ अशोक बिरमानी ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनायें प्रदान करते हुए कहा कि हमारी विचारधारा, हमारा चिंतन स्वदेशी हो, तभी हमारा राष्ट्र विकसित होगा और उन्नति के शिखर पर आगे बढ़ेगा और हमारा स्वतंत्रता दिवस मनाना कारगर साबित हो सकेगा। इस अवसर पर उन्होंने छात्रों से कहा कि वे अनुशासित रहते हुए अपने अंदर जज्बा उत्पन्न करें तथा भविष्य में सफल होकर निरंतर आगे बढ़ते रहें।

सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ प्राइमरी विंग के नन्हें-मुन्ने बच्चों द्वारा वंदे मातरम के साथ किया गया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए देशभक्ति समूहगान ने सभी के अंदर राष्ट्र भक्ति का संचार किया। इसके उपरांत प्री-प्राइमरी के नन्हें मुन्ने बच्चों द्वारा देश भक्ति गीत ये मेरा इंडिया… पर शानदार प्रस्तुति देते हुए सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। प्राइमरी विंग की कक्षा 2 की छात्रा गार्गी ने योगा आधारित सोलो डांस का बेजोड़ प्रदर्शन किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों को आगे बढ़ाते हुए कक्षा 12 के छात्र कृष्णा वर्मा ने हिंदी भाषण तथा छात्रा अपूर्वी ने अंग्रेजी भाषण के माध्यम से देशभक्ति का संदेश दिया। साथ ही छात्रा आशी ने संस्कृत भाषा में दिए गए भाषण के माध्यम से भाषा प्रेम को दर्शाया। योगा छात्राओं वर्तिका एवं उर्विका ने म्यूजिकल योगा का मन्त्रमुग्ध कर देने वाला प्रदर्शन कर सभी को चकित कर दिया। सीनियर विंग की छात्राओं द्वारा भारत मां की संताने हम…. समूहगान के माध्यम से सभी को देशभक्ति के भाव से सराबोर कर दिया।

प्रबंध समिति अध्यक्ष सूरत सिंह वर्मा ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनायें प्रदान करते हुए अपना शुभाशीष प्रदान किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधक बाल बहादुर ने आगंतुक अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन छात्र संसद के प्रधानमंत्री अजय कादीयान एवं कृष्णा वर्मा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर प्रबंध समिति सदस्यों सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण , छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक वंदे मातरम के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights