नीरज प्रजापति

बुढ़ाना पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, दो आरोपी गिरफ्तार; फायरिंग में दरोगा भी घायल, दो दर्जन से अधिक मुकदमों वाला है घायल बदमाश

मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना थाना क्षेत्र में रिटायर्ड उपनिरीक्षक के घर हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने मुठभेड़ के बाद सनसनीखेज खुलासा कर दिया। चोरी के मामले में तलाश में जुटी बुढ़ाना पुलिस की सोमवार देर रात बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक शातिर बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दूसरे साथी को पुलिस ने कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की फायरिंग में एक उपनिरीक्षक भी घायल हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 27 व 28 अगस्त की रात बुढ़ाना थाना क्षेत्र में एक रिटायर्ड उपनिरीक्षक के घर अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर जेवरात, नगदी और कीमती सामान चोरी कर लिया था। घटना के बाद थाना बुढ़ाना में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था।

चेकिंग के दौरान आमना-सामना, बदमाशों ने झोंकी गोलियां

31 अगस्त की रात बुढ़ाना पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस का सामना चोरी की घटना में शामिल बदमाशों से हो गया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस टीम ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान शहजाद पुत्र रहीश निवासी खालापार, मुजफ्फरनगर, हाल निवासी कस्बा एवं थाना खतौली, गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस ने घायल शहजाद को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी शहनवाज पुत्र रहीश निवासी खालापार, मुजफ्फरनगर, हाल निवासी कस्बा एवं थाना बुढ़ाना, मौके से भाग निकला। पुलिस ने कांबिंग अभियान चलाकर शहनवाज को भी गिरफ्तार कर लिया।

हथियारों से लेकर चोरी का माल तक बरामद

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने एक अवैध 32 बोर पिस्टल, जिंदा और खोखा कारतूस, एक अवैध 315 बोर तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, एक मोटरसाइकिल तथा रिटायर्ड उपनिरीक्षक के घर से चोरी किया गया सामान बरामद किया है। बरामदगी के बाद पुलिस ने चोरी की घटना में आरोपियों की भूमिका को लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

दो दर्जन से ज्यादा मुकदमों वाला है शहजाद

पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार हुआ शहजाद कोई सामान्य चोर नहीं, बल्कि शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं के दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास को खंगालने के साथ-साथ उसके अन्य साथियों और चोरी की अन्य वारदातों में संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
मुठभेड़ में घायल शहजाद और फायरिंग में घायल उपनिरीक्षक को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। दोनों का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्रपाल सिंह ने पूरे प्रकरण की जानकारी देते हुए बताया कि चोरी की वारदात का सफल अनावरण कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और बरामदगी के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights