(संशोधित) मिर्जामुराद में यात्रियों से भरी क्रूजर खड़ी ट्रक से टकराई, पॉच यात्रियों की मौत

—सभी श्रद्धालु वाराणसी से महाकुम्भ में स्नान के लिए प्रयागराज जा रहे थे

वाराणसी, 21 फरवरी (हि.स.)। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर के समीप वाराणसी—प्रयागराज राजमार्ग पर शुक्रवार को तेज रफ्तार श्रद्धालुओं से भरी क्रूजर वाहन खड़ी ट्रक से टकरा गई। हादसे में क्रूजर पर सवार 05 यात्रियों की मौत हो गई। वहीं, सात यात्री घायल हो गए।

सूचना पाते ही डीसीपी गोमती जोन प्रमोद कुमार, एडीसीपी आकाश पटेल भी मौके पर पहुंच गए।अफसरों ने घायल यात्रियों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाने के बाद शवों को कब्जे में ले लिया। सभी यात्री कर्नाटक के बिदर से वाराणसी आए। यहां बाबा विश्वनाथ का दर्शन पूजन करने के बाद प्रयागराज महाकुम्भ में स्नान के लिए जा रहे थे। क्रूजर की स्पीड इतनी तेज थी कि आगे बैठी एक महिला यात्री का सिर धड़ से अलग हो गया था। क्रूजर जीप में चालक समेत 15 लोग बैठे थे। एडीसीपी आकाश पटेल के अनुसार हादसे में पॉच लोगों की मौत हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रूपापुर हाइवे पर ट्रक खड़ा था। सुबह—सुबह वाराणसी की ओर से आ रही तेज रफ्तार क्रूजर जीप अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि क्रूजर का अगला हिस्सा पूरा ट्रक से चिपक गया। क्रेन को बुला कर ट्रक और क्रूजर को अलग किया गया। माना जा रहा है कि ड्राइवर को नींद की झपकी आने से हृदय विदारक हादसा हो गया। पुलिस अफसरों के अनुसार दुर्घटना में कर्नाटक बीदर निवासी संतोष कुमार (50) और उनकी पत्नी सुनीता (45) , दाे पुत्र सहित एक अन्य है। घायलों में खुशी (10), कविता (48), सुलोचना (50), अनीता (50), सुजाता (32),वाहन चालक व अन्य है। घायलों को निकट के कछवा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बीएचयू ट्रामा सेंटर में भेजा गया। कर्नाटक पुलिस को भी दुर्घटना की जानकारी दे दी गई है। डीसीपी गोमती जोन प्रमोद कुमार व एडीसीपी आकाश कुमार पटेल ने मौके पर छानबीन के बाद कछवां अस्पताल जाकर घायलों का हाल जाना।

—————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights