नीरज प्रजापति
पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश नाकाम, तमंचा-कारतूस, चाकू, बोलेरो और चोरी की दो भैंस बरामद
मुजफ्फरनगर। रतनपुरी थाना पुलिस ने भैंस चोरी के एक मामले का सफल अनावरण करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना अध्यक्ष रतनपुरी ने बताया कि बदमाशों ने चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को देखकर रुकने के बजाय भागने का प्रयास किया और जान से मारने की नीयत से पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए दोनों आरोपियों को घेरकर दबोच लिया। उनके कब्जे से अवैध हथियारों के साथ चोरी की गई दो भैंस और एक बोलेरो गाड़ी बरामद हुई है।

रतनपुरी थाना अध्यक्ष ने बताया कि रविवार और सोमवार की रात रतनपुरी पुलिस टीम बडसू रजवाहे के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बडसू रजवाहे से फुलत की ओर जाने वाले रास्ते पर पीतम सिंह की मूर्ति के पास एक संदिग्ध बोलेरो आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन वाहन सवार बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग में पुलिस टीम बाल-बाल बची। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। कुछ दूरी पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक अवैध तमंचा, 315 बोर का एक जिंदा और एक खोखा कारतूस, एक नाजायज चाकू, बोलेरो गाड़ी संख्या यूपी-15 एचटी-8847 तथा चोरी की दो भैंस बरामद की गईं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हकीकत पुत्र मोमीन निवासी जसड़ सुल्तानपुर, थाना सरूरपुर, मेरठ और खालिद पुत्र नसीर निवासी जसड़ सुल्तानपुर, थाना सरूरपुर, मेरठ के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 28/29 जुलाई की रात ग्राम रियावली नंगला में दो घरों से दो भैंस चोरी की थीं। दोनों भैंसों को बेचने के लिए ले जाते समय पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि आरोपी हकीकत के खिलाफ मेरठ और मुजफ्फरनगर में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि खालिद का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। मुठभेड़ और गिरफ्तारी के संबंध में थाना रतनपुरी पुलिस द्वारा अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शैलेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक गजेन्द्र सिंह, कांस्टेबल नरेश कुमार, सचिन गौतम, शिवकुमार तथा रिजर्व कांस्टेबल विष्णु कुमार शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से पशु चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों में हड़कंप मच गया है।
