नीरज प्रजापति
मुज़फ्फरनगर। भागवन्ती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, नई मंडी, मुज़फ्फरनगर में 15 अगस्त 2026 को देशभक्ति, उत्साह एवं हर्षोल्लास के वातावरण में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विभाग संपर्क प्रमुख श्री उदयवीर पुंडीर जी रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं गणमान्य अतिथियों द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। तत्पश्चात माँ सरस्वती एवं देश के अमर स्वतन्त्रता सेनानियों के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. वंदना शर्मा जी ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रबंध समिति का परिचय प्रस्तुत किया तथा विद्यालय की शैक्षिक व सांस्कृतिक गतिविधियों से सभी को अवगत कराया।

विद्यालय के प्रबंधक श्री शोभित सिंह जी ने उपस्थित गणमान्य अतिथियों का परिचय एवं स्वागत किया। इस अवसर पर श्री रुपेश जी, श्री दिग्विजय सिंह जी, श्री राज सिंह जी, श्री आनंद जी, श्री अशोक जी, श्री चरण पाल सिंह जी, श्री सुरेंद्र सिंह जी, श्रीमती ममता वर्मा जी, श्रीमती संतोष जी, श्रीमती प्रीति गुप्ता जी सहित विद्यालय परिवार, अभिभावक एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का सुंदर एवं प्रभावी संचालन श्रीमती दुर्गेश नंदिनी कौशिक जी ने किया। वंदना विभाग की आचार्या श्रीमती पारुल माहेश्वरी जी एवं श्रीमती लक्ष्मी माहेश्वरी जी के मार्गदर्शन में छात्राओं ने भाषण, कविता, समूहगान, नृत्य एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया।
विद्यालय की एनसीसी की 20 कैडेट्स द्वारा अनुशासन, नेतृत्व एवं राष्ट्रसेवा की भावना से ओत-प्रोत विभिन्न गतिविधियों के शानदार प्रदर्शन की उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से सराहना की। सभी ने तिरंगे को सलामी देते हुए राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान में सहभागिता की।
छात्राओं द्वारा देशभक्ति प्रस्तुति ‘वंदे मातरम्’, छात्रा आरती द्वारा प्रभावशाली हिंदी भाषण तथा छात्राओं द्वारा समूहगान ‘अरुण गगन पर महाप्रगति का’ प्रस्तुत किया गया। इन प्रस्तुतियों ने सभी के हृदय में राष्ट्रप्रेम एवं गौरव की भावना को और प्रबल किया।
इसके पश्चात छात्राओं ने ‘यह देश मेरी जान है’ देशभक्ति प्रस्तुति के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता एवं मातृभूमि के प्रति समर्पण का संदेश दिया। छात्रा राधिका ने भाषण के माध्यम से अपने विचार प्रस्तुत किए, जबकि छात्रा अपूर्वा ने भावपूर्ण देशभक्ति कविता प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनोहारी योग प्रदर्शन को भी दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं मुख्य अतिथि श्री उदयवीर पुंडीर जी का प्रेरणादायी एवं भावपूर्ण उद्बोधन कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। उन्होंने स्वतंत्रता के अमूल्य महत्व, राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों तथा युवा पीढ़ी की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को राष्ट्रहित में समर्पित होकर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
समापन अवसर पर अध्यक्ष जी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने आशीर्वचन प्रदान किए। कार्यक्रम का समापन ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक उद्घोष के साथ हुआ।
विद्यालय परिवार की ओर से समस्त देशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की गईं। पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों, राष्ट्रगान की गूंज और राष्ट्रप्रेम की भावना से गुंजायमान रहा।
