भाजपा सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान
मोहन प्रजापति की चेतावनी, दो दिन का धरना, फिर अति पिछड़ों के घरों पर लगेंगे भाजपा बहिष्कार के पोस्टर
मुजफ्फरनगर। पुरकाजी खादर क्षेत्र में सोलानी नदी पर पुल निर्माण की मांग अब आंदोलन का रूप ले चुकी है। बढ़ीवाला, रामनगर, शेरपुर नगला सहित खादर क्षेत्र के अनेक गांवों के लोगों ने 17 जुलाई से शेरपुर खादर-लक्सर रोड पर दो दिवसीय धरना-प्रदर्शन शुरू करने का ऐलान कर दिया है। आंदोलन प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे मोहन प्रजापति ने कहा कि वर्षों से ग्रामीण सोलानी नदी पर पुल की मांग उठा रहे हैं, लेकिन सरकार और जनप्रतिनिधियों ने केवल आश्वासन दिए, समाधान नहीं। उनका कहना है कि हर बरसात में खादर क्षेत्र के लोगों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ता है। बच्चों की पढ़ाई, किसानों की खेती, मरीजों का इलाज और रोजमर्रा की जिंदगी पुल के अभाव में प्रभावित होती है, लेकिन जिम्मेदारों ने इस समस्या की ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि अब खादर क्षेत्र के लोग चुप बैठने वाले नहीं हैं। दो दिवसीय धरने के बाद भी यदि पुल निर्माण को लेकर कोई ठोस घोषणा या कार्रवाई नहीं हुई, तो तीसरे दिन से अति पिछड़ा समाज के घरों पर भाजपा सरकार के बहिष्कार के पोस्टर लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन जनहित का है और क्षेत्र की उपेक्षा के खिलाफ जनता की आवाज है। मोहन प्रजापति ने कहा कि सरकार यदि वास्तव में ग्रामीण विकास और अति पिछड़े समाज की चिंता करती है तो उसे इस मांग पर तत्काल निर्णय लेना चाहिए। अन्यथा खादर क्षेत्र का यह आंदोलन और व्यापक होगा तथा लोकतांत्रिक तरीके से विरोध को तेज किया जाएगा। आंदोलन में बढ़ीवाला, रामनगर, शेरपुर नगला सहित आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीणों के शामिल होने की संभावना है। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे 17 जुलाई को सुबह 10 बजे शेरपुर खादर-लक्सर रोड स्थित धरना स्थल पर पहुंचकर पुल निर्माण की मांग को मजबूती दें। ग्रामीणों का कहना है कि सोलानी नदी पर पुल केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि हजारों लोगों की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजमर्रा के जीवन से जुड़ा मुद्दा है। उनका स्पष्ट संदेश है कि अब आश्वासनों से काम नहीं चलेगा, बल्कि पुल निर्माण पर ठोस निर्णय चाहिए।
