काठमांडू, 03 मई । नेपाल के राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल ने सरकार की ओर से सिफारिश किए गए 8 विभिन्न अध्यादेशों में से 7 अध्यादेश रविवार अपराह्न तक जारी कर दिए हैं। एक अध्यादेश को पुनर्विचार के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय को वापस भेज दिया है।
राष्ट्रपति पौडेल ने सरकार की सिफारिश के आधार पर संविधान की धारा 114 की उपधारा 1 के तहत पिछले चार दिनों में ये अध्यादेश जारी किए हैं। उन्होंने ३० अप्रैल को सार्वजनिक खरीद (द्वितीय संशोधन) अध्यादेश और सहकारी (प्रथम संशोधन) अध्यादेश जारी किया। इसी तरह १ मई को संपत्ति शुद्धीकरण (मनी लॉन्ड्रिंग) निवारण (तृतीय संशोधन) अध्यादेश जारी किया। राष्ट्रपति ने २ मई (शनिवार) को एक साथ तीन अध्यादेश जारी किए, जिनमें स्वास्थ्य विज्ञान प्रतिष्ठान सम्बन्धी कानून संशोधन अध्यादेश, सार्वजनिक पदाधिकारियों की पदमुक्ति सम्बन्धी विशेष व्यवस्था अध्यादेश, और विश्वविद्यालय सम्बन्धी कानून संशोधन अध्यादेश शामिल हैं ।
राष्ट्रपति पौडेल ने आज ३ मई को नेपाल कानून संशोधन अध्यादेश जारी किया। राष्ट्रपति ने सिफारिश किए गए संवैधानिक परिषद् (कार्य, कर्तव्य, अधिकार और कार्यविधि) सम्बन्धी अध्यादेश को संवैधानिक विशेषज्ञों से परामर्श के बाद पुनर्विचार के लिए सरकार को वापस भेज दिया है।
