24 नवंबर को देव दीपावली का पावन पर्व, सर्वार्थ सिद्धि योग में पूजा, दान और स्नान का विशेष महत्व
बिजनौर (नीरज प्रजापति)। कार्तिक मास की पूर्णिमा सनातन धर्म में अत्यंत पवित्र और पुण्यदायी तिथियों में मानी जाती है। मान्यता है कि इस दिन गंगा जी एवं पवित्र नदियों में स्नान करने, भगवान विष्णु और भगवान शिव की पूजा करने तथा जरूरतमंदों को दान देने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है ।संध्या के समय दीपों से घाट जगमगा उठते हैं। काशी में मनाई जाने वाली देव दीपावली इस पर्व के आकर्षण को और भी विशेष बना देती है।
वर्ष 2026 में कार्तिक पूर्णिमा मंगलवार, 24 नवंबर को मनाई जाएगी। पंचांग के अनुसार पूर्णिमा तिथि 23 नवंबर की रात 11 बजकर 42 मिनट से प्रारंभ होकर 24 नवंबर की रात 8 बजकर 23 मिनट तक रहेगी। उदयातिथि के अनुसार 24 नवंबर को ही कार्तिक पूर्णिमा का व्रत, गंगा स्नान और दान-पुण्य किया जाएगा।
सिविल लाइन स्थित धार्मिक संस्थान विष्णुलोक के ज्योतिषविद् पंडित ललित शर्मा जी के सुपुत्र पंडित अभिलाष शर्मा ने बताया कि इस दिन प्रातःकाल ब्रह्म मुहूर्त में स्नान करना विशेष फलदायी माना जाता है। वहीं, शाम को प्रदोष काल में दीपदान का विशेष महत्व है।इस वर्ष कार्तिक पूर्णिमा पर कई महत्वपूर्ण योगों का संयोग बन रहा है इस दिन सर्वार्थ सिद्धि योग का निर्माण हो रहा है, जो प्रातः 6 बजकर 51 मिनट से रात्रि 11 बजकर 25 मिनट तक रहेगा।सर्वार्थ सिद्धि योग में किए गए शुभ कार्यों में सफलता प्राप्त होती है ,इसके अतिरिक्त इस दिन कृतिका नक्षत्र रहेगा, जो रात्रि 11 बजकर 25 मिनट तक है।पूर्णिमा तिथि पर कृत्तिका नक्षत्र का संयोग अत्यंत शुभ और दुर्लभ माना जाता है; विशेष रूप से जब यह कार्तिक पूर्णिमा के दिन बनता है, तो शास्त्रों में इसे ‘महाकार्तिकी’ कहा गया है।”महाकार्तिकी” कार्तिक मास का नाम ही कृत्तिका नक्षत्र पर पड़ा है। जब कार्तिक पूर्णिमा पर चंद्रमा कृत्तिका नक्षत्र में होता है, तो इस दिन किए गए स्नान, दान और पूजा का फल कई गुना बढ़ जाता है।
कार्तिक पूर्णिमा इस मास के धार्मिक अनुष्ठानों की पूर्णता का प्रतीक है ,पौराणिक मान्यताओं में गंगा को मोक्षदायिनी कहा गया है। जो श्रद्धालु किसी कारणवश गंगा तट तक नहीं पहुंच पाते, वे घर पर स्नान के जल में गंगाजल मिलाकर स्नान कर सकते हैं और मां गंगा का स्मरण कर सकते हैं।
क्यों कहते हैं इसे देवताओं की दिवाली-
कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली या देवताओं की दिवाली कहने के पीछे भगवान शिव से जुड़ी एक महत्वपूर्ण पौराणिक कथा है।
पौराणिक कथा के अनुसार तारकासुर के तीन पुत्रों तारकाक्ष, कमलाक्ष और विद्युन्माली ने कठोर तपस्या करके ब्रह्माजी से तीन नगरों का वरदान प्राप्त किया था। ये तीनों नगर सोने, चांदी और लोहे के बने हुए थे। इन्हें त्रिपुर कहा गया और इनके स्वामी त्रिपुरासुर कहलाए। वरदान प्राप्त करने के बाद तीनों असुर अत्यंत शक्तिशाली और अत्याचारी हो गए। उन्होंने देवताओं को परेशान करना शुरू कर दिया और तीनों लोकों में भय का वातावरण बना दिया।
अंततः देवताओं की प्रार्थना पर भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध करने का संकल्प लिया। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने एक ही बाण से तीनों पुरों का विनाश कर दिया। इस विजय के बाद देवताओं ने अत्यंत प्रसन्न होकर दीप जलाए और भगवान शिव का अभिनंदन किया।
इसी विजय और उत्सव की स्मृति में कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरारी पूर्णिमा तथा देव दीपावली के नाम से भी जाना जाता है।गंगा स्नान हमें आंतरिक शुद्धि का भाव सिखाता है, दीपदान अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है और दान हमें दूसरों के जीवन में खुशियां बांटने की सीख देता है।
इस पर्व का वास्तविक महत्व तभी सार्थक होता है, जब हम धार्मिक आस्था के साथ अपने व्यवहार में भी सकारात्मकता लाएं, जरूरतमंदों की सहायता करें और प्रकृति एवं नदियों के संरक्षण का संकल्प लें।
