कर्म, अनुशासन और लक्ष्य के संकल्प से विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र, राष्ट्रीय स्तर की वॉलीबाल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का भव्य सम्मान
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करना भी है। इसी सोच के साथ लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित विशेष शैक्षिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सफलता, परिश्रम और अनुशासन का पाठ पढ़ाया गया। कार्यक्रम में जहां शिक्षाविदों ने जीवन में कर्म की महत्ता समझाई, वहीं गणित जैसे विषय को आसान बनाने के गुर बताकर विद्यार्थियों में नई ऊर्जा का संचार किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन करने वाले वॉलीबाल खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों का उत्साहवर्धन भी किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान के वनस्थली विद्यापीठ की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. गीतांजलि शर्मा तथा डॉ. केएन मोदी यूनिवर्सिटी, टोंक के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. भरत शर्मा ने विशेष रूप से सहभागिता करते हुए छात्र-छात्राओं को मार्गदर्शन दिया। डॉ. भरत शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर परिश्रम, अनुशासन, सकारात्मक सोच और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही व्यक्ति को ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं। उन्होंने श्रीरामचरितमानस और श्रीमद्भगवद्गीता के प्रसंगों के माध्यम से कर्म की प्रधानता को समझाते हुए विद्यार्थियों से अपने कर्तव्यों के प्रति ईमानदार रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को ऐसा कर्मशील बनना चाहिए कि उनकी उपलब्धियां माता-पिता के सपनों को साकार करने के साथ समाज के लिए भी प्रेरणा बनें। वहीं डॉ. गीतांजलि शर्मा ने गणित के प्रति विद्यार्थियों की झिझक दूर करने पर जोर दिया। उन्होंने विषय की मूल अवधारणाओं को समझकर नियमित अभ्यास करने, सवालों को अलग-अलग तरीकों से हल करने और गणित को बोझ के बजाय रुचिकर विषय के रूप में अपनाने के महत्वपूर्ण तरीके बताए। विशेष रूप से इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों को विशेष कक्षा के माध्यम से परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने के उपयोगी सूत्र समझाए। कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण विद्यालय के खेल सितारों का सम्मान रहा। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में 22 से 24 अक्टूबर तक आयोजित 37वीं अखिल भारतीय वॉलीबाल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीतने वाली अंडर-14 टीम के खिलाड़ी अभी खोखर, आरव खोखर, आर्यन चौधरी, अक्ष सालार, गौतम पाल और यशस्वी सैनी को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही अंडर-17 वर्ग के खिलाड़ी सार्थक चौधरी और देवराज चौधरी को भी उनकी उपलब्धियों के लिए मैडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। खेल प्रशिक्षक रवि प्रकाश ने बताया कि शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी अब महाराष्ट्र के शिरडी और गुजरात के मेहसाणा में आयोजित होने वाली एसजीएफआई प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगे। विद्यालय के लिए यह उपलब्धि गौरव का विषय है। प्रधानाचार्य शिव शंकर शर्मा ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शैक्षिक मार्गदर्शन और खेल गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षक रवि प्रकाश और आशीष कुमार शर्मा को भी बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन महेश कुमार ने किया। इस दौरान विद्यालय के समस्त शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
