मनीष अग्रवाल
सहारनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन, सहारनपुर में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी ग्रहण की। इस दौरान उन्होंने परेड का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों के अनुशासन, टर्नआउट, शारीरिक दक्षता एवं कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान अनुशासन बनाए रखने तथा अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।
परेड के उपरांत एसएसपी ने पुलिस लाइन स्थित परिवहन शाखा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस वाहनों की स्थिति, साफ-सफाई, रख-रखाव और परिवहन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पुलिस वाहनों को सदैव दुरुस्त रखने तथा समय-समय पर उनकी देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद एसएसपी ने क्वार्टर गार्द का निरीक्षण कर सलामी ग्रहण की। उन्होंने गार्द की व्यवस्थाओं, सुरक्षा मानकों और अनुशासन का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में एसएसपी द्वारा पुलिसकर्मियों का ओआर (अर्दली रूम) भी लिया गया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके नियमानुसार निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं में रखे रजिस्टरों एवं अभिलेखों का बारीकी से निरीक्षण कर उनकी प्रविष्टियों, रख-रखाव और अद्यतन स्थिति की जांच की।
एसएसपी अभिनन्दन ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि पुलिस लाइन की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखी जाएं तथा अभिलेखों का रख-रखाव पूरी जिम्मेदारी से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में अनुशासन, समयबद्धता और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि है। इस अवसर पर पुलिस लाइन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
