सहारनपुर (मनीष अग्रवाल)। नुमाइश कैम्प स्थित भारत माता चौक पर नगर निगम की भूमि पर कथित अवैध कब्जे और गोशाला के संचालन को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को कांग्रेस पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त को संबोधित ज्ञापन अपर नगर आयुक्त सूर्या कुमार यादव को सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि भारत माता चौक पर कुछ दबंग लोगों द्वारा नगर निगम की भूमि पर अवैध कब्जा कर गोशाला संचालित की जा रही है। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि गोशाला में गौमाता की उचित देखभाल नहीं की जा रही है, जबकि गोशाला के नाम पर लाखों रुपये की कथित अवैध वसूली भी की जा रही है। इसके अलावा गोशाला के आसपास अतिक्रमण कर अनेक दुकानें संचालित किए जाने और दुकानदारों से भी अवैध वसूली किए जाने का आरोप लगाया गया है।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि नगर निगम की भूमि को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और गोशाला को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। साथ ही गोशाला का संचालन नगर निगम अपने स्तर से सुनिश्चित करे, ताकि गौमाता की उचित देखभाल हो सके और व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति व्यक्तिगत रूप से गोशाला संचालित करना चाहता है तो वह अपनी भूमि खरीदकर अथवा किराये पर लेकर इसका संचालन करे।
ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व पार्षद चंद्रजीत सिंह निक्कू, यूपी कांग्रेस के पूर्व सचिव परवीन चौधरी, महानगर सेवादल अध्यक्ष अनुज शर्मा, पूर्व महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा, ओबीसी विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष अक्षय चौधरी, अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष गुलशेर अल्वी, राजन बिरला, रवि तंवर, हरिओम ठाकुर सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।
