पदनाम परिवर्तन से लेकर दवाओं का नुस्खा लिखने का अधिकार देने तक की उठाई मांग, शासन और महानिदेशालय पर लगाया अनदेखी का आरोप, मुख्यमंत्री को भेजा मांगपत्र।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत डिप्लोमा फार्मासिस्टों की लंबित मांगों को लेकर अब नाराजगी खुलकर सामने आने लगी है। लंबे समय से मांगों पर सुनवाई नहीं होने से आक्रोशित फार्मासिस्टों ने शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना देकर शासन और स्वास्थ्य महानिदेशालय के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की जिला शाखा मुजफ्फरनगर के बैनर तले आयोजित धरने में फार्मासिस्ट संवर्ग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की आवाज बुलंद की।

एसोसिएशन के प्रदेशव्यापी निर्णय के क्रम में आयोजित धरने के दौरान फार्मासिस्टों ने कहा कि प्रदेश में कार्यरत फार्मासिस्टों को उनके वर्तमान पद, योग्यता और कार्यदायित्वों के अनुरूप वेतनमान एवं सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। संगठन ने इस स्थिति पर गंभीर नाराजगी जताते हुए कहा कि लंबे समय से मांगें उठाने के बावजूद जिम्मेदार स्तर पर कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। धरने में फार्मासिस्टों ने पदनाम परिवर्तन, औषधियों का नुस्खा लिखने का अधिकार प्रदान करने तथा पदों के सृजन से संबंधित मानकों में संशोधन किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई। इसके साथ ही फार्मासिस्ट संवर्ग की 18 सूत्रीय लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की गई। कर्मचारियों का कहना था कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन शासन और महानिदेशालय स्तर पर अधिकारियों की उदासीनता के चलते समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।
मुख्यमंत्री से मांगा हस्तक्षेप, आंदोलन की जिम्मेदारी शासन पर छोड़ी

धरने के बाद डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन की जिला शाखा मुजफ्फरनगर की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित मांगपत्र मुख्य चिकित्सा अधिकारी के माध्यम से भेजा गया। इसमें प्रदेश स्तर पर लंबित 18 सूत्रीय मांगपत्र पर शीघ्र निर्णय लेकर शासनादेश जारी कराने की मांग की गई। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो भविष्य में होने वाले आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी शासन और स्वास्थ्य महानिदेशालय की होगी। फार्मासिस्टों के इस धरने ने स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारियों की लंबित समस्याओं और शासन स्तर पर उनकी सुनवाई के मुद्दे को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। धरना प्रदर्शन में मुख्य रूप से ललित मोहन, मोहम्मद हारुन, विशाल भारद्वाज, मनोज वर्मा, करुणा सैनी, जसवीर कौर, आदेश शास्त्री, अमित त्यागी, सुदीप त्यागी, मोबिन अली, अशोक पाल, संजीव मलिक एवं यतेंद्र गिरी सहित सैकड़ों मौजूद रहे।
