उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे-09 पर बीते मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिये हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि गजरौला थाना क्षेत्र के अंतर्गत दिल्ली लखनऊ नेशनल हाईवे-09 पर ख्यालीपुर ढाल के समीप एक तेज रफ्तार वैगन-आर कार और अज्ञात वाहन के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 4 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि 2 अन्य घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंच कर राहत व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। पुलिस फिलहाल मृतकों की शिनाख्त करने के साथ-साथ टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है। हादसे के कारण हाईवे पर बाधित हुए यातायात को पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन हटवाकर सुचारू कराया गया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
