महिला से मोबाइल छिनैती का खुलासा, दो तमंचे, कारतूस, छीना गया मोबाइल और बिना नंबर की स्कूटी बरामद
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नई मंडी पुलिस ने बदमाशों के मंसूबों पर करारा प्रहार किया है। गांधी कॉलोनी में महिला से मोबाइल छीनकर फरार हुए दो शातिर आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे को कांबिंग अभियान के दौरान दबोच लिया गया। गिरफ्तार दोनों आरोपी चंडीगढ़ के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से महिला से छीना गया वनप्लस नॉर्ड मोबाइल, दो अवैध तमंचे, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस तथा वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की स्कूटी बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल छिनैती करने वाले गिरोहों में हड़कंप मच गया है। पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी आनंद देव मिश्र के नेतृत्व में अंजाम दी गई। नई मंडी थाना अध्यक्ष आनंद देव मिश्रा ने बताया कि गत 25 अक्टूबर को गांधी कॉलोनी स्थित एक बारातघर के बाहर महिला से अज्ञात स्कूटी सवार बदमाशों ने मोबाइल फोन छीन लिया था। पीड़िता की शिकायत पर थाना नई मंडी पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार सुराग तलाश रही थीं।

उन्होंने बताया कि
16 नवंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नई मंडी पुलिस पचेंडा रोड से नसीरपुर जाने वाली पुलिया पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एनएच-58 की ओर से बिना नंबर प्लेट की स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों स्कूटी मोड़कर भागने लगे। आरोप है कि पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इस दौरान पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा किया तो कच्चे रास्ते पर स्कूटी फिसलकर गिर गई। दोनों आरोपी स्कूटी छोड़कर ईख के खेत में घुस गए और वहां से भी पुलिस पर गोलियां चलाने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें विकास नाम का आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जबकि दूसरे आरोपी राहुल को कांबिंग के दौरान दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास पुत्र बिजेंद्र, निवासी मलोया कॉलोनी, सेक्टर-41, चंडीगढ़ तथा राहुल पुत्र मच्छी, निवासी टठू माजरा, सेक्टर-41, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। नई मंडी थाना अध्यक्ष आनंद देव मिश्रा की टीम ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे 315 बोर, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस, छीना गया वनप्लस नॉर्ड मोबाइल फोन तथा बिना नंबर प्लेट की स्कूटी बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ नई मंडी थाने में दर्ज मुकदमे के अलावा आयुध अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। इनके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
