सिलाजुड्डी नहर पुलिया पर पुलिस से हुई आमने-सामने की भिड़ंत, पैर में गोली लगते ही टूटा बदमाश का गुरूर, चोरी की बाइक और तमंचा बरामद

नीरज प्रजापति

मुजफ्फरनगर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ नई मंडी पुलिस का अभियान लगातार और अधिक आक्रामक होता जा रहा है। मंगलवार देर रात थाना नई मंडी क्षेत्र में उस समय गोलियों की तड़तड़ाहट से सन्नाटा टूट गया, जब चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार एक शातिर बदमाश ने पुलिस को देखते ही रुकने के बजाय सीधे पुलिस टीम पर जानलेवा फायर झोंक दिया। पुलिस ने पहले बदमाश को आत्मसमर्पण का मौका दिया, लेकिन जब वह लगातार गोलियां चलाता रहा तो पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया। जवाबी कार्रवाई में चली गोली बदमाश के पैर में लगी और कुछ ही पलों में उसका सारा दुस्साहस खत्म हो गया। घायल हालत में उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।
यह पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्रा के नेतृत्व में उस समय हुई, जब पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार एक शातिर अपराधी जानसठ की ओर से सिलाजुड्डी नहर पुलिया की तरफ आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
कुछ देर बाद जैसे ही संदिग्ध बाइक सवार वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। लेकिन उसने पुलिस की चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए बाइक दौड़ा दी और पुलिस टीम को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। भागने के प्रयास में बदमाश की बाइक कच्चे रास्ते पर फिसल गई, लेकिन इसके बावजूद उसने हथियार नहीं डाला और लगातार फायरिंग करता रहा।
पुलिस ने संयम का परिचय देते हुए पहले उसे कई बार आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन जब वह नहीं माना और पुलिस पर जानलेवा हमला जारी रखा, तब आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी। गोली लगते ही बदमाश जमीन पर गिर पड़ा और कुछ ही क्षणों में पुलिस टीम ने उसे चारों तरफ से घेरकर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान ओसामा पुत्र अहमद हसन निवासी ग्राम तेवड़ा, थाना ककरौली के रूप में हुई। उसके कब्जे से चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।
थाना अध्यक्ष आनंद देव मिश्रा ने बताया कि ओसामा कोई नया अपराधी नहीं बल्कि चोरी, अवैध हथियार और अन्य संगीन अपराधों में लिप्त एक शातिर बदमाश है। उसके खिलाफ मुजफ्फरनगर के विभिन्न थानों में चोरी, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार और अन्य मामलों सहित एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।

थाना प्रभारी आनंद देव मिश्रा ने क्या कहा
थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्रा ने कहा कि “नई मंडी क्षेत्र में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। जो अपराधी कानून को चुनौती देगा, पुलिस पर हमला करेगा या जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ करेगा, उसके खिलाफ कानून के दायरे में रहकर सबसे सख्त कार्रवाई की जाएगी। हमारी टीम पूरी मुस्तैदी के साथ अपराधियों पर नजर रखे हुए है और जनपद में अपराध करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आम जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम की सतर्कता और साहस के कारण एक बड़ा अपराध होने से टल गया और पुलिस पर हमला करने वाला शातिर अपराधी गिरफ्तार कर लिया गया
मुठभेड़ में शामिल पुलिस टीम
आनंद देव मिश्रा प्रभारी निरीक्षक, गजेन्द्र सिंह
वरिष्ठ उपनिरीक्षक, दिनेश कौशिक उपनिरीक्षक, संदीप कुमार उपनिरीक्षक, कमलजीत हेड कांस्टेबल, विकास कुमार कांस्टेबल, हिमांशू कांस्टेबल, राजीव अत्री कांस्टेबल, दिनेश बाना कांस्टेबल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights