महावीर चौक पर सपा-कांग्रेस के संयुक्त प्रदर्शन के दौरान युवक की पिटाई, पुलिस ने बचाकर अस्पताल पहुंचाया; घटना के वीडियो वायरल
नीरज प्रजापति
मुजफ्फरनगर। दिल्ली में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार देर रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित महावीर चौक पर चल रहे संयुक्त धरना-प्रदर्शन के दौरान अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया। धरना स्थल पर पहुंचे एक अज्ञात व्यक्ति और प्रदर्शनकारियों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। देखते ही देखते प्रदर्शनकारी युवक के पीछे दौड़ पड़े और उसे पकड़कर मारपीट कर दी। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए युवक को भीड़ से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार दिल्ली में सपा और कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में महावीर चौक पर दोनों दलों के कार्यकर्ता संयुक्त रूप से धरना दे रहे थे। धरने को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। देर रात एक अज्ञात व्यक्ति धरना स्थल पर पहुंचा और प्रदर्शन का विरोध करते हुए कुछ टिप्पणियां कीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसकी बातों से प्रदर्शनकारी भड़क गए और मौके पर हंगामा शुरू हो गया।
बताया जाता है कि स्थिति बिगड़ती देख संबंधित व्यक्ति वहां से निकलने का प्रयास करने लगा, लेकिन कुछ कार्यकर्ताओं ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव करते हुए युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया। पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक के शराब के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है, जिसकी पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है।
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम के वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिए। बाद में ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। वायरल वीडियो में कुछ प्रदर्शनकारी युवक का पीछा करते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि पुलिसकर्मी उसे भीड़ से बचाने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर भी पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।

घटना के संबंध में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धरना-प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात था।
इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति धरना स्थल पर पहुंचा और कुछ आपत्तिजनक शब्द कहे, जिससे प्रदर्शनकारी उत्तेजित हो गए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और घायल व्यक्ति को अस्पताल भेजा। अधिकारी के अनुसार पूरे घटनाक्रम के बावजूद यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई और धरना एक सड़क के किनारे शांतिपूर्वक संचालित हुआ। बाद में प्रदर्शन भी शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया।
