nepal-mahakali-suspension-brid

काठमांडू, 30 सितंबर । नेपाल में महाकाली नदी में बाढ़ के कारण कंचनपुर जिले की भीमदत्त नगरपालिका और दोधारा-चांदनी को जोड़ने वाले प्रसिद्ध झूलापुल का बड़ा हिस्सा बह गया। पुल क्षतिग्रस्त होने से दोधारा-चांदनी के लोगों का जिला मुख्यालय से सीधा पैदल संपर्क टूट गया है।

बुधवार सुबह करीब 8 बजे महाकाली नदी की तेज धारा के कारण नदी के बीच स्थित पुल का एक महत्वपूर्ण सपोर्ट पिलर ढह गया। इसके बाद पुल का बड़ा हिस्सा नदी में गिरकर तेज बहाव में बह गया। स्थानीय पुलिस के अनुसार, भीमदत्त नगरपालिका की ओर से छठे और दोधारा-चांदनी की ओर से तीसरे पिलर के आसपास नदी के तेज कटाव के कारण नींव कमजोर हो गई थी। इसके बाद पिलर नदी की धारा में बह गया और पुल का एक बड़ा स्पैन ढह गया।

इस पुल को एशिया के सबसे लंबे मल्टी-स्पैन पैदल झूलापुलों में से एक माना जाता है। पुल के क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों के लिए आवागमन की बड़ी समस्या पैदा हो गई है। पुल के आसपास और नदी के संवेदनशील किनारों पर लगातार बाढ़ और कटाव के खतरे को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights