देश में आज राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जा रहा है। हर साल ये दिन हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए मनाया जाता है।

29 अगस्त यानी आज का दिन खेल जगत के लिए बेहद ही खास है। आज का दिन राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले ध्यानचंद का जन्म आज (29 अगस्त) ही के दिन 1905 में हुआ था और उन्हीं की याद में इस दिन को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाने का फैसला साल 2012 में लिया गया।

राष्ट्रीय खेल दिवस पर पीएम मोदी ने महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की है। मोदी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर ट्वीट कर लिखा,‘‘राष्ट्रीय खेल दिवस पर मैं सभी खिलाड़ियों को बधाई देता हूं. राष्ट्र के लिए उनके योगदान पर भारत को गर्व है. मैं मेजर ध्यानचंद को भी उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं.

केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर नेशनल स्टेडियम में हॉकी के दिग्गज मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि दी है। अनुराग ठाकुर ने सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म एक्स पर पोस्‍ट किया, “दंतकथा! परंपरा! सबक! दिल्ली के नेशनल स्टेडियम में राष्‍ट्रीय खेल दिवस पर भारतीय हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस विशेष अवसर पर, हम भारतीय खेल पर प्रमुख पहलें शुरू कर रहे हैं। जानने के लिए आज ही मुझसे जुड़ें!”

दुनिया के सर्वश्रेष्ठ हाकी खिलाड़ियों में शुमार ध्यानचंद ने तीन ओलंपिक (1928, 1932, 1936) में स्वर्ण पदक जीते थे। देश के लिए अपने 185 मैचों में उन्होंने भारत के लिए 570 गोल किये।उन्हें 1956 में देश का तीसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण से नवाजा गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights