पूतना उद्धार से गोवर्धन लीला तक श्रीकृष्ण की दिव्य कथाओं में डूबे श्रद्धालु, शान्तनु महाराज ने दिया सच्ची मित्रता और संस्कारों का संदेश, शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज ने भी बरसाई आशीष।

मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। रेशु प्रांगण में इन दिनों भक्ति, आस्था और आध्यात्मिकता की ऐसी त्रिवेणी प्रवाहित हो रही है, जिसमें श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का रसपान कर स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं। श्रीमद् भागवत कथा के पांचवें दिन नन्हे कान्हा की मनमोहक बाल लीलाओं का ऐसा भावपूर्ण वर्णन हुआ कि पूरा कथा पंडाल जयकारों और कृष्ण भक्ति से गूंज उठा। कभी पूतना उद्धार की कथा ने श्रद्धालुओं को भगवान की करुणा का संदेश दिया तो कभी माखन चोरी, कालिया नाग मर्दन और गोवर्धन धारण की लीलाओं ने भक्तों को भावविभोर कर दिया। कथाव्यास श्री शान्तनु जी महाराज ने अपनी ओजस्वी और भावपूर्ण वाणी से श्रद्धालुओं को भक्ति के सागर में गोते लगवाए। कथा में कनखल हरिद्वार से पधारे शारदा पीठाधीश्वर अनंत श्री विभूषित जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज की उपस्थिति ने आयोजन की आध्यात्मिक गरिमा को और बढ़ा दिया।

रेशु विहार स्थित रेशु प्रांगण में 13 नवंबर से आयोजित अनुष्ठान की श्रीमद् भागवत कथा के पांचवें दिन श्री शान्तनु जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद गोकुल में छाई खुशियों से लेकर उनकी विभिन्न बाल लीलाओं का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने पूतना उद्धार प्रसंग सुनाते हुए बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने विषपान के साथ पूतना के प्राण भी हर लिए और उसे भी मां के समान सद्गति प्रदान की। यह प्रसंग भगवान की असीम कृपा और करुणा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भगवान का दरबार ऐसा है, जहां आने वाले प्रत्येक जीव के कल्याण का मार्ग खुल जाता है।

महाराज श्री ने कहा कि माता-पिता को अपने बच्चों का नाम बहुत सोच-विचारकर रखना चाहिए, क्योंकि ‘यथा नाम तथा गुण’। नाम का व्यक्ति के जीवन और व्यक्तित्व पर विशेष प्रभाव पड़ता है। उन्होंने सच्ची मित्रता की परिभाषा बताते हुए कहा कि जो व्यक्ति अपने सुख को छिपाकर मित्र के दुख में सहभागी बनता है, वही वास्तव में सच्चा मित्र कहलाने का अधिकारी है।

कथा के दौरान शकटासुर, तृणावर्त, माखन चोरी, मृदभक्षण और ऊखल बंधन की लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया गया। भगवान के मुख में माता यशोदा को संपूर्ण ब्रह्मांड के दर्शन कराने का प्रसंग सुनकर श्रद्धालु आश्चर्य और श्रद्धा से भर उठे। इसके बाद वृंदावन आगमन, वत्सासुर, बकासुर, अघासुर और धेनुकासुर के उद्धार तथा कालिया नाग मर्दन की कथा सुनाई गई। महाराज श्री ने गोवर्धन लीला का वर्णन करते हुए बताया कि भगवान ने गोवर्धन पर्वत धारण कर इंद्र का अहंकार चूर किया और ब्रजवासियों को संकट से बचाया। इस अवसर पर गिरिराज जी का 56 भोग लगाकर श्रद्धापूर्वक पूजन भी किया गया।

इससे पूर्व प्रातःकाल श्री शान्तनु जी महाराज ने सत्यप्रकाश रेशू एवं परिवारजनों के साथ रेशू गार्डन में विधिवत पूजा-अर्चना की। देश के शहीदों और पूर्वजों के सम्मान में रुद्राक्ष के दो पौधों का रोपण किया गया। वहीं जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज ने भी अपने प्रेरणादायक प्रवचनों से श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया।

कथा में देवबंद विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री कुंवर बृजेश सिंह, मीरापुर विधायक मिथलेश पाल की पुत्री सुप्रिया पाल सहित अनेक गणमान्य लोगों ने पहुंचकर धर्मलाभ अर्जित किया। रेशु परिवार की ओर से श्रद्धालुओं के बैठने, पेयजल, प्रसाद, सुरक्षा और स्वच्छता की समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रतिदिन बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या के बीच रेशु प्रांगण पूरी तरह कृष्णमय नजर आ रहा है। સમગ્ર आयोजन में भक्ति, प्रेम, श्रद्धा और सनातन संस्कृति की अनुपम छटा दिखाई दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights