मुजफ्फरनगर। थाना तितावी क्षेत्र में जमानत पर रिहा होने के बाद फिल्मी डायलॉग्स पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करना दो युवकों को महंगा पड़ गया। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए सस्ती लोकप्रियता बटोरने के उद्देश्य से रील वायरल करने वाले दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के अनुसार 8 दिसंबर को थाना तितावी पर मु0अ0सं0-297/2025 के तहत धारा 115(2), 333, 352 व 351(3) बीएनएस में पंकज पुत्र भूषण, अर्जुन पुत्र महीपाल, कुणाल पुत्र शक्ति निवासीगण ग्राम नंगला पिथौरा तथा एक बाल अपचारी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में 14 दिसंबर को अभियुक्तों को गिरफ्तार कर माननीय उपजिलाधिकारी सदर के न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई थी।
बताया गया कि जमानत पर छूटने के दौरान अभियुक्तों ने फिल्मी अंदाज़ में रील बनवाकर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया, जिससे कानून व्यवस्था और पुलिस की छवि को लेकर गलत संदेश गया। वीडियो वायरल होने के बाद थाना तितावी पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की और दो अभियुक्तों को पुनः गिरफ्तार कर लिया।पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से इस तरह की हरकतें कर सस्ती लोकप्रियता हासिल करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जाएगा। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
