मुजफ्फरनगर। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने बीती रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान वाहन चोरी की वारदातों में शामिल दो शातिर वांछित चोरों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में एक अभियुक्त पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे व निशानदेही से चोरी की गई कुल नौ मोटरसाइकिलें तथा एक अवैध तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम द्वारा वाहन चोरी की लगातार बढ़ती घटनाओं के खुलासे के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में शुक्रवार देर रात शाहबुद्दीनपुर रोड पर चेकिंग के दौरान दो मोटरसाइकिलें तेज गति से आती दिखाई दीं। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर एक बाइक सवार को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा बाइक सवार भागने लगा। पीछा करने पर उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में सूक्ष्म जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश घायल हो गया और उसे दबोच लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अंकित धीमान पुत्र राजपाल, निवासी ग्राम बंदर जोड़्डा, थाना देवबंद, सहारनपुर (घायल) तथा सोनू पुत्र राजेंद्र सैनी, निवासी गांव ढसका, थाना मंगलौर, हरिद्वार के रूप में हुई है। पूछताछ में अभियुक्तों ने अस्पतालों व भीड़भाड़ वाले इलाकों के आसपास से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें कम दामों में बेचने की बात कबूल की है।पुलिस के अनुसार बरामद मोटरसाइकिलें विभिन्न स्थानों से चोरी की गई थीं, जिनकी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।इस सफल कार्रवाई को लेकर पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना की है और कहा है कि जिले में वाहन चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights