नीरज प्रजापति
राजस्व परिषद ने पदोन्नत 100 तहसीलदारों को सौंपे नए जिले, दीप्ति पाल और स्नेह कुमार तिवारी को मुजफ्फरनगर की जिम्मेदारी
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश में राजस्व विभाग के स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। नायब तहसीलदार पद से तहसीलदार पद पर पदोन्नत किए गए अधिकारियों को राजस्व परिषद ने नए जिलों में तैनाती दे दी है। परिषद की आयुक्त एवं सचिव कंचन वर्मा की ओर से जारी दो अलग-अलग सूचियों में प्रदेशभर के कुल 100 तहसीलदारों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
तैनाती सूची के अनुसार मुजफ्फरनगर को दो नए तहसीलदार मिले हैं। बरेली में नायब तहसीलदार के पद पर कार्यरत रहीं दीप्ति पाल को पदोन्नति के बाद मुजफ्फरनगर भेजा गया है। इसी क्रम में बुलंदशहर में तैनात रहे स्नेह कुमार तिवारी को भी नायब तहसीलदार से तहसीलदार पद पर प्रोन्नत करते हुए मुजफ्फरनगर में नई जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं मुजफ्फरनगर में तैनात रहे अमन कुमार को पदोन्नति के बाद शामली जिले में स्थानांतरित किया गया है। प्रशासनिक स्तर पर हुए इस फेरबदल को राजस्व व्यवस्था में अधिकारियों की नई तैनाती और जिम्मेदारियों के पुनर्गठन के तौर पर देखा जा रहा है।
पल्लवी बानिया को मिली पहली बड़ी जिम्मेदारी
मुजफ्फरनगर से जुड़ी इस सूची में पल्लवी बानिया की पदोन्नति और नई तैनाती भी खास चर्चा में है। मुजफ्फरनगर की मूल निवासी पल्लवी बानिया को नायब तहसीलदार पद से तहसीलदार पद पर पदोन्नत करते हुए बुलंदशहर जिले में पहली पोस्टिंग दी गई है।
पल्लवी बानिया इससे पहले गाजियाबाद जिले में नायब तहसीलदार के रूप में सेवाएं दे रही थीं। गाजियाबाद में वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में उन्हें राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों का व्यापक अनुभव हासिल हुआ। अब इसी अनुभव के आधार पर वह बुलंदशहर में तहसीलदार के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगी।
नई जिम्मेदारी को लेकर पल्लवी बानिया का कहना है कि गाजियाबाद में कार्य करते हुए मिले प्रशासनिक अनुभव और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन का लाभ उन्हें नई भूमिका में मिलेगा। उनके पिता किरण पाल मुजफ्फरनगर कचहरी में वरिष्ठ अधिवक्ता हैं। पदोन्नति के साथ गृह जनपद से जुड़े परिवार की बेटी को बुलंदशहर में पहली तैनाती मिलने से क्षेत्र में भी इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
राजस्व परिषद की नई पदस्थापनाओं के बाद अब संबंधित अधिकारियों के कार्यभार ग्रहण करने के साथ जिलों की तहसीलों में प्रशासनिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
