नीरज प्रजापति 

पत्नी ने कमरे से आती आवाजें सुनकर मचाया शोर, पुलिस ने पहुंचकर युवक को अस्पताल पहुंचाया; पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज

खतौली। जीटी रोड स्थित एक दो मंजिला इमारत में शनिवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब यहां रहने वाले एक फ्लिपकार्ट कर्मचारी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। कमरे से आवाजें आने के बाद पत्नी ने मौके पर पहुँची तो हालत को देखकर होश फाख्ता हो गए और उसके मुंह से चींख निकल गई, शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। गंभीर हालत में युवक को तत्काल सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान आकाश पुत्र राजकुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि आकाश मूल रूप से बिजनौर जिले के हल्दौर कस्बे का रहने वाला था। वह पिछले काफी समय से अपनी पत्नी नीतू के साथ जीटी रोड स्थित दो मंजिला भवन के ऊपरी हिस्से में किराये पर रह रहा था। इसी इमारत के निचले हिस्से में विधायक मदन भैया का कैंप कार्यालय संचालित होता है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार देर रात आकाश अपने कमरे में चला गया था। कुछ देर बाद कमरे के अंदर से आवाजें सुनाई दीं। आवाज सुनकर उसकी पत्नी नीतू कमरे की ओर पहुंची। वहां आकाश को संदिग्ध हालत में देखकर उसने शोर मचाया और आसपास के लोगों से मदद मांगी। वहीं घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भीड़ एकत्र हो गई।
सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आकाश को नीचे उतारकर तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights