मुजफ्फरनगर।ठंड व शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने देर रात्रि तहसील सदर क्षेत्र में रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न स्थानों पर बने रैन बसेरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, शौचालय, बिस्तर तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की जांच की और रैन बसेरों में ठहरे निराश्रित व्यक्तियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि कोई भी व्यक्ति सड़क पर या अन्य खुले स्थानों पर सोता हुआ नहीं मिलना चाहिए। सभी निराश्रितों को तत्काल रैन बसेरों में पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि रैन बसेरों में किसी भी आगंतुक या निराश्रित को जमीन पर न सोने दिया जाए तथा फोल्डिंग बेड, पलंग एवं आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था हर हाल में की जाए।जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि औचक निरीक्षण के दौरान यदि कोई व्यक्ति सड़क पर, खुले स्थान पर या रैन बसेरे में जमीन पर सोता पाया गया तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को रेलवे स्टेशन, रोडवेज एवं शेल्टर होम के बाहर नियमित रूप से अलाव जलाने के निर्देश दिए गए।इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी सदर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
